मोगा: 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस को लेकर मोगा पुलिस द्वारा सुरक्षा प्रबंधों को और सख्त कर दिया गया है। मोगा के एसएसपी सरताज सिंह चाहल के निर्देशों के तहत पुलिस टीमों द्वारा शहर और आसपास के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर नाकाबंदी कर आने-जाने वाले वाहनों की बारीकी से जांच की जा रही है। इस दौरान पुलिस द्वारा वाहनों के दस्तावेजों और अन्य जरूरी कागजात की भी जांच की जा रही है।
नाकाबंदी के दौरान ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहन चालकों के चालान भी किए गए। पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। शहर के प्रमुख चौराहों, आने-जाने वाली सड़कों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है।
मोगा पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि 15 अगस्त को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा की जा रही जांच में सहयोग करें और अपने वाहनों के सभी दस्तावेज पूर्ण रखें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि के बारे में तुरंत पुलिस को सूचित करने की अपील की गई है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने में सहयोग देने के लिए भी कहा है।पुलिस ने शरारती तत्वों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कानून व्यवस्था भंग करने या किसी भी तरह की गैर-कानूनी गतिविधि करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा सुरक्षा प्रबंधों को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
📍 Location: मोगा