Site icon Dainik Savera Times

नशा तस्करों के खिलाफ मोगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बस्ती साधांवाली में चलाया CASO ऑपरेशन

मोगा: जिले में नशा तस्करी और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए मोगा पुलिस की ओर से लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी के तहत शनिवार को मोगा शहर के नशे के हॉटस्पॉट माने जाने वाले बस्ती साधांवाली इलाके में पुलिस ने विशेष CASO (कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन) चलाकर संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की। इस अभियान का नेतृत्व डीएसपी सिटी गुरप्रीत सिंह ने किया। ऑपरेशन में विभिन्न थानों के एसएचओ सहित करीब 70 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम शामिल रही।

पुलिस टीमों ने इलाके में नशा तस्करी के संदेह वाले घरों की बारीकी से तलाशी ली। इसके अलावा आने-जाने वाले वाहनों को रोककर उनकी जांच की गई और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की गई। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी सिटी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि एसएसपी मोगा सरताज सिंह चहल के दिशा-निर्देशों के तहत जिले में ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान पूरी सक्रियता से चलाया जा रहा है। इसके तहत नशे के हॉटस्पॉट क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष CASO ऑपरेशन किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है और ऐसे लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। नशा तस्करी के मामलों में गिरफ्तारियों के साथ-साथ नशीले पदार्थों की बरामदगी भी की जा रही है।

डीएसपी ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल नशा तस्करों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि नशे की गिरफ्त में फंसे युवाओं को इस दलदल से बाहर निकालना भी है। इसके लिए नशे के आदी लोगों की पहचान कर उन्हें नशा मुक्ति केंद्रों में भर्ती करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि उनका उचित उपचार हो सके और वे नशामुक्त होकर दोबारा समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।

उन्होंने आम लोगों से अपील की कि नशे के खिलाफ लड़ाई में पुलिस का सहयोग करें और अपने आसपास नशा तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को दें। ऐसी सूचना सेफ पंजाब हेल्पलाइन या आपातकालीन नंबर 112 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। डीएसपी ने स्पष्ट किया कि मोगा पुलिस की ओर से नशा तस्करों और समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ आने वाले दिनों में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।

 

📍 Location: मोगा

Exit mobile version