मोगा: जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 71 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला थाना सदर मोगा का है। पुलिस टीम गांव घल्ल कलां के बाहरी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 22 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान विकास गिरी पुत्र बलदेव गिरी निवासी गांव रत्तियां, जिला मोगा के रूप में हुई। मामले की जांच एएसआई चरणजीत सिंह कर रहे हैं।
दूसरी कार्रवाई थाना फतेहगढ़ पंजतूर पुलिस ने गांव लोहारा की दाना मंडी के पास की। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक पुलिस पार्टी गश्त पर थी। इस दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर एक व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई, जिसके कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान गुरबख्श सिंह पुत्र दलीप सिंह निवासी मद्दारपुर, जिला मोगा के रूप में हुई। मामले की जांच एएसआई दर्शन सिंह द्वारा की जा रही है।
तीसरी कार्रवाई थाना कोट ईसे खां पुलिस ने पुल सुआ मुन्नावा के पास की पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 34 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान सुखचैन सिंह चैना पुत्र सरवन सिंह निवासी दौलेवाला के रूप में हुई। मामले की जांच एएसआई बूटा सिंह कर रहे हैं।
पुलिस ने तीनों मामलों में बरामद कुल 71 ग्राम हेरोइन को केस प्रॉपर्टी के तौर पर कब्जे में ले लिया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 61 और 85 के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नशीला पदार्थ उन्हें कहां से मिला और इसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका है या नहीं। पुलिस के अनुसार नशे की तस्करी और सप्लाई पर रोक लगाने के लिए जिले में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच लगातार जारी है।
📍 Location: मोगा
मेष: दिन शुभ रहेगा...