Site icon Dainik Savera Times

मोगा पुलिस की बड़ी कामयाबी: गुम हुए 300 मोबाइल फोन बरामद कर असली मालिकों को लौटाए

https://dainiksaveratimes.com/wp-content/uploads/2026/10/483738.mp4
https://dainiksaveratimes.com/wp-content/uploads/2026/10/483737.mp4
https://dainiksaveratimes.com/wp-content/uploads/2026/10/483736.mp4
https://dainiksaveratimes.com/wp-content/uploads/2026/10/483730.mp4
https://dainiksaveratimes.com/wp-content/uploads/2026/10/483733.mp4
https://dainiksaveratimes.com/wp-content/uploads/2026/10/483723.mp4

मोगा: मोगा पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 300 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस द्वारा तकनीकी माध्यमों की मदद से ट्रेस किए गए मोबाइल फोन उनके असली मालिकों तक पहुंचाए जा रहे हैं, जिससे लोगों को उनकी खोई हुई संपत्ति वापस मिल रही है।

यह कार्रवाई आईजी फरीदकोट रेंज श्रीमती नीलांबरी जगदले विजये, आईपीएस, के दिशा-निर्देशों पर समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएसपी मोगा  सरताज सिंह चाहल, आईपीएस, के नेतृत्व तथा एसपी (डी) अजय राज सिंह, पीपीएस, की निगरानी में की जा रही है।

एसएसपी सरताज सिंह चाहल ने बताया कि 1 जून 2026 से अब तक मोगा पुलिस कुल 300 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर चुकी है। इन मोबाइल फोन को तकनीकी जांच के जरिए पंजाब के विभिन्न जिलों और पंजाब से बाहर के क्षेत्रों से ट्रेस किया गया है। पुलिस द्वारा बरामद मोबाइल फोन की पहचान और मालिकाना हक की पुष्टि करने के बाद उन्हें संबंधित मालिकों को वापस सौंपा जा रहा है।

उन्होंने बताया कि आम लोगों ने अपने गुम हुए मोबाइल फोन के संबंध में CEIR पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायतें दर्ज करवाई थीं। इन शिकायतों के आधार पर तकनीकी प्रक्रिया के माध्यम से मोबाइल फोन की पहचान और ट्रेसिंग की गई। मोबाइल फोन वापस मिलने पर लोगों ने मोगा पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस प्रशासन का आभार जताया। गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश और बरामदगी का अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि लोगों की खोई हुई संपत्ति जल्द से जल्द वापस दिलाई जा सके।

मोबाइल गुम होने पर CEIR पोर्टल पर करें शिकायत

मोगा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने पर तुरंत CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाएं। मोबाइल खरीदते समय बिल और जरूरी दस्तावेजों की जांच करें तथा बिना उचित दस्तावेजों के किसी अनजान या संदिग्ध व्यक्ति से मोबाइल फोन न खरीदें।

पुलिस ने यह भी सलाह दी कि मोबाइल फोन में सिक्योरिटी लॉक का इस्तेमाल करें और किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी साझा न करें। यदि किसी को लावारिस या मिला हुआ मोबाइल फोन मिलता है, तो उसे नजदीकी पुलिस स्टेशन में जमा करवाएं, ताकि उसका दुरुपयोग रोका जा सके।

मोगा पुलिस द्वारा CEIR पोर्टल के प्रति जागरूकता बढ़ाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं, ताकि गुम हुए मोबाइल फोन को ट्रेस कर उनके असली मालिकों तक वापस पहुंचाया जा सके।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version