Site icon Dainik Savera Times

फर्जी दस्तावेज तैयार कर 74 कनाल से अधिक जमीन बेचने का आरोप, अजीतवाल थाने में 10 लोगों के खिलाफ केस

मोगा। थाना अजीतवाल पुलिस ने जमीन से संबंधित धोखाधड़ी के एक मामले में 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई शिकायतों की जांच के बाद की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपितों पर कथित तौर पर जाली दस्तावेज तैयार करने, धोखाधड़ी करने और मिलीभगत के जरिए जमीन का सौदा करने के आरोप लगाए गए हैं।

सहायक थानेदार बलजिंदर सिंह ने बताया केि शिकायतकर्ता प्रह्लाद सिंह पुत्र दलजीत सिंह निवासी गांव नूरपुर नुक्केरियां, जिला फाजिल्का की ओर से शिकायत दी गई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि अजीतवाल गांव में स्थित करीब 74 कनाल 5 मरले जमीन से संबंधित दस्तावेजों में कथित तौर पर हेरफेर किया गया तथा जमीन को धोखे से आगे बेच दिया गया।

मामले में गुरप्रीत सिंह पुत्र सुखदेव सिंह, परमजीत कौर पत्नी जरनैल सिंह, बरजिंदर सिंह पुत्र अजब सिंह, अमनदीप कौर पत्नी बरजिंदर सिंह,बलबीर कौर पत्नी चरणजीत सिंह निवासी गालिब कलां, तहसील जगरांव, जिला लुधियाना, मनप्रीत सिंह पुत्र बहादर सिंह निवासी अगवाड़ लोपो, जगरांव, हरप्रीत सिंह उर्फ डिंपल, सिकंदर सिंह पुत्र करनैल सिंह निवासी अजीतवाल, गुरदीप सिंह पुत्र निहाल सिंह निवासी बठिंडा तथा सुशील कुमार पुत्र जगदीश राय निवासी अमरीक सिंह रोड, अहाता नियाज मोहम्मद कंस्ट्रक्शन कंपनी, बठिंडा को नामजद किया गया है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक इस मामले को लेकर पहले भी शिकायतें पुलिस के पास पहुंची थीं। शिकायत नंबर 1013/पीसी-7/25 दिनांक 22 मई 2025 और शिकायत नंबर 2171-पीसी-4/25 दिनांक 14 अगस्त 2025 के आधार पर जांच की गई। इसके बाद पीजीपी नंबर 642195 के तहत कप्तान पुलिस इन्वेस्टिगेशन, मोगा के अधीन जांच करवाई गई।

जांच के बाद पुलिस ने आरोपों को गंभीर मानते हुए भारतीय न्याय संहिता 2023 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में दस्तावेजों और जमीन के रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मामले में धारा 338, 340(2), 316(2), 318(4) और 61(2) भारतीय न्याय संहिता 2023 तथा अन्य संबंधित धाराएं लगाई गई हैं।

📍 Location: अजीतवाल

Exit mobile version