Site icon Dainik Savera Times

मोगा पुलिस की नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

मोगा: जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए मोगा पुलिस की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के कब्जे से कुल 1410 नशीली गोलियां बरामद की हैं। दोनों मामलों में आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

पहले मामले में थाना बधनी कलां की पुलिस ने गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, एएसआई संतोष सिंह अपनी पुलिस पार्टी के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना मिली कि दविंदर सिंह उर्फ बिट्टा पुत्र जसवंत सिंह निवासी गांव राउके रोड, बधनी कलां नशीली गोलियां रखने और बेचने का काम करता है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 110 खुली नशीली गोलियां बरामद हुईं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बधनी कलां में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 22, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज किया है।

वहीं दूसरे मामले में थाना सिटी साउथ मोगा की पुलिस ने पी-मार्का फैक्टरी के पीछे कार्रवाई करते हुए एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, थानेदार मंगल सिंह पुलिस पार्टी के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने अमनदीप सिंह पुत्र जगसीर सिंह निवासी गली नंबर-7, लाल सिंह रोड, मोगा को काबू किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1300 नशीली गोलियां बरामद हुईं। इस संबंध में थाना सिटी साउथ मोगा में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 22, 61 और 85 के तहत मुकदमा नंबर 378 दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि वे नशीली गोलियां कहां से लेकर आते थे और आगे किन लोगों को सप्लाई करते थे। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version