Last Updated: November 12, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोगा पुलिस की नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार

November 12, 2026

मोगा पुलिस की नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार

मोगा: जिला मोगा पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत धर्मकोट और बाघापुराना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 108 ग्राम हेरोइन, 6 लाख 25 हजार रुपये की ड्रग मनी और बिना नंबर प्लेट वाली एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर पुलिस द्वारा आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

पहले मामले में थाना धर्मकोट पुलिस ने गश्त के दौरान मिली मुखबिर की विशेष सूचना के आधार पर गांव जलालाबाद पूर्वी के बाहरी इलाके में कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस पार्टी ने एक बिना नंबर प्लेट वाली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को काबू किया। उनकी पहचान जगमीत सिंह पुत्र अवतार सिंह निवासी भिंडर कलां, जिला मोगा और हरमन सिंह पुत्र गुरनाम सिंह निवासी माड़ी उदोके, थाना खालड़ा, जिला तरनतारन के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी तलाशी ली तो उनके कब्जे से 100 ग्राम हेरोइन और 6 लाख 25 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर प्लेट वाली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली गई। यह कार्रवाई सहायक थानेदार हरप्रीत सिंह की अगुवाई में की गई।

वहीं दूसरे मामले में थाना बाघापुराना पुलिस ने भी नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गांव घोलियां कलां के इलाके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार सहायक थानेदार हरजीत सिंह पुलिस पार्टी के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चरणपाल सिंह पुत्र सुखमंदर सिंह निवासी घोलियां कलां को काबू किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 8 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हेरोइन कहां से लेकर आए थे और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही बरामद ड्रग मनी के स्रोत और नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी लगातार जारी रहेगी।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें