Site icon Dainik Savera Times

नशा तस्करों पर मोगा पुलिस का शिकंजा, एक सप्ताह में 42 आरोपी गिरफ्तार

मोगा: जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोगा पुलिस ने 12 सितंबर से 18 सितंबर 2026 तक विभिन्न मामलों में कार्रवाई करते हुए 30 मुकदमे दर्ज कर 42 आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार इस दौरान 895 ग्राम हेरोइन, 526 नशीली गोलियां, 4 लाख रुपये ड्रग मनी, 279 लीटर अवैध शराब, 100 लीटर लाहन, 5 पिस्तौल, 5 राइफल, 10 मैगजीन और 120 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

एसएसपी मोगा सरताज सिंह चहल, आईपीएस ने बताया कि जिला पुलिस द्वारा ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ और ‘पिंडों के पहरेदार’ अभियान के तहत नशा तस्करों तथा आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि नशे से जुड़े मामलों में 25 मुकदमे दर्ज कर 34 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 895 ग्राम हेरोइन, 526 नशीली गोलियां, 4 लाख रुपये ड्रग मनी और दो वाहन बरामद किए गए।

पुलिस ने बताया कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान चार CASO ऑपरेशन भी किए गए। ‘ड्रग हॉट स्पॉट’ क्षेत्रों में विशेष सर्च अभियान चलाकर नशे से जुड़े छह मामले दर्ज किए गए तथा सात आरोपियों को काबू किया गया। इस दौरान 294 ग्राम हेरोइन, 33 नशीली गोलियां, 4 लाख रुपये ड्रग मनी और दो वाहन बरामद किए गए।

अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन मामले दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 279 लीटर शराब और 100 लीटर लाहन बरामद किया गया। इसके अलावा आपराधिक गतिविधियों में शामिल आरोपियों के खिलाफ दो मामले दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से 5 पिस्तौल, 5 राइफल, 10 मैगजीन, 120 जिंदा कारतूस और दो वाहन बरामद किए।

पुलिस के अनुसार इस अवधि में पांच भगोड़ों को भी गिरफ्तार किया गया। वहीं लूट, चोरी और अन्य आपराधिक वारदातों में शामिल 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चार मोटरसाइकिल, एक सोने की अंगूठी, एक गंडासी, दो कापे और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

40 से अधिक बैठकों और सेमिनारों के जरिए युवाओं को किया जागरूक

एसएसपी ने बताया कि पुलिस द्वारा केवल नशा तस्करों पर कार्रवाई ही नहीं की जा रही, बल्कि नशे के दुष्प्रभावों के प्रति आम लोगों और युवाओं को जागरूक करने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पंचायतों, स्पोर्ट्स क्लबों और गणमान्य लोगों के साथ बैठकें कर नशे के खिलाफ सहयोग मांगा जा रहा है।

इस अवधि में जिले के विभिन्न गांवों और शहरों में राजपत्रित अधिकारियों तथा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की ओर से आम लोगों के साथ करीब 40 सेमिनार व बैठकें आयोजित कर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। लोगों से अपील की गई कि वे अपने आसपास नशे का कारोबार करने वाले संदिग्ध लोगों की सूचना पुलिस को दें, ताकि नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने में मदद मिल सके।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशा तस्करों और बुरे तत्वों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही आम जनता से अपील की गई कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस का सहयोग करें। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ लड़ाई को मजबूत करने के लिए कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता अभियान भी लगातार चलाए जा रहे हैं।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version