मोगा: शहर के व्यस्त प्रताप रोड चौराहे पर सड़क की खुदाई के बाद छोड़ा गया गड्ढा अब राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। पिछले दिनों पीने के पानी में सीवरेज का पानी मिक्स होने की शिकायत के बाद नगर निगम की ओर से समस्या का पता लगाने और पाइपलाइन की मरम्मत के लिए सड़क को खोदा गया था। बताया जा रहा है कि पाइपलाइन से संबंधित समस्या का समाधान कर दिया गया है, लेकिन सड़क की मरम्मत नहीं होने के कारण लोगों को अब भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क के बीचों-बीच खुदाई वाले हिस्से में मिट्टी और रोड़े पड़े होने से दोपहिया वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ रही है। वाहन चालकों के अनुसार, गड्ढे से निकलते समय अचानक संतुलन बिगड़ने का खतरा बना रहता है। वहीं, पैदल सड़क पार करने वाले लोगों को भी खुदाई वाले हिस्से से गुजरते समय ठोकर लगने की आशंका रहती है। व्यस्त चौराहा होने के कारण यहां दिनभर वाहनों और लोगों की आवाजाही बनी रहती है।
दिनभर उड़ती रहती है धूल-मिट्टी
स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि सड़क की खुदाई के बाद मिट्टी को समतल कर रास्ता चलने योग्य बनाने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई। वाहनों के गुजरने के दौरान सड़क पर पड़ी मिट्टी उड़कर दुकानों और आसपास खड़े वाहनों पर जमा हो रही है। दिनभर धूल-मिट्टी उड़ने से दुकानदारों के साथ-साथ राहगीरों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। दुकानदारों का कहना है कि लंबे समय तक सड़क की इसी हालत के कारण कारोबार भी प्रभावित हो रहा है।
पेयजल समस्या दूर, लेकिन सड़क की हालत जस की तस
लोगों के अनुसार, जिस समस्या के कारण सड़क की खुदाई की गई थी, उसका समाधान हो चुका है। पहले पीने के पानी की लाइन में सीवरेज का पानी मिलने की शिकायत से लोग परेशान थे। निगम द्वारा पाइपलाइन की जांच और आवश्यक कार्यवाही के बाद पानी की समस्या में सुधार हुआ, लेकिन इसके बाद सड़क को पहले की स्थिति में नहीं लाया गया। इससे लोगों में नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है।
राहगीरों और दुकानदारों ने नगर निगम से मांग की है कि सड़क की स्थिति को जल्द सुधारा जाए। उनका कहना है कि यदि स्थायी रूप से सड़क का निर्माण तुरंत संभव नहीं है तो कम से कम गड्ढे पर पैचवर्क कर उसे समतल किया जाए। इसके अलावा जरूरत के अनुसार इंटरलॉक टाइलें लगाकर भी रास्ते को सुरक्षित बनाया जा सकता है। लोगों ने कहा कि व्यस्त चौराहे पर सड़क की यह स्थिति किसी हादसे का कारण बनने से पहले ठीक की जानी चाहिए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम को शहर में किसी भी विकास या मरम्मत कार्य के बाद सड़क को खुला छोड़ने के बजाय उसकी दोबारा मरम्मत सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि लोगों को एक समस्या के समाधान के बाद दूसरी परेशानी का सामना न करना पड़े।
समस्या के समाधान के अधिकारियों को दिए निर्देशः मेयर
इस संबंध में नगर निगम की मेयर विनय पाल कौर ने बताया कि समस्या उनके ध्यान में आ गई है जिसको लेकर वह संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आदेश देकर समस्या का समाधान करने के लिए रहेगी ताकि वहां से गुजरने वाले लोगों और दुकानदारों को कोई समस्या पेश न आए।
📍 Location: मोगा
मेष: दिन शुभ रहेगा...