Site icon Dainik Savera Times

मोगा में चोरों का आतंक: घर की दीवार फांदकर घुसे दो चोर, करीब दो लाख रुपये का सामान लेकर फरार

मोगा: शहर में चोरी और लूटपाट की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। चोरों के हौसले इस कदर बुलंद होते जा रहे हैं कि उन्हें न तो सीसीटीवी कैमरों का डर है और न ही पुलिस कार्रवाई का खौफ। आए दिन चोर बेखौफ होकर घरों और अन्य स्थानों को निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला मोगा के प्रेम नगर इलाके से सामने आया है, जहां बीती रात करीब तीन बजे दो चोर एक घर की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए और करीब दो लाख रुपये का कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। चोरी की पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। इसकी फुटेज सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही है।

घर के मालिक हनी अरोड़ा ने बताया कि रात करीब तीन बजे दो अज्ञात युवक उनके घर की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए। घर के मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ था, लेकिन लॉबी की तरफ का दरवाजा खुला होने के कारण दोनों चोर घर के अंदर पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने घर में खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी सहित अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।

उन्होंने बताया कि रात करीब साढ़े तीन से पौने चार बजे के बीच जब उनके ससुर बाथरूम जाने के लिए उठे तो उन्होंने घर का गेट खुला देखा। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य भी उठ गए और जब घर में सामान की जांच की गई तो इलेक्ट्रिक स्कूटी सहित कई कीमती वस्तुएं गायब मिलीं। चोर घर से तीन मोबाइल फोन, बच्चे की टैबलेट, स्मार्ट वॉच और कपड़ों से भरा बैग भी चोरी करके ले गए थे।

पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी हुई इलेक्ट्रिक स्कूटी की कीमत करीब 65 हजार रुपये है, जिसे उन्होंने महज 10 दिन पहले ही खरीदा था। इसके अलावा सैमसंग कंपनी के तीन मोबाइल फोन की कीमत करीब 90 हजार रुपये और बच्चे की टैबलेट की कीमत 25 से 30 हजार रुपये बताई गई है। इस प्रकार स्कूटी, मोबाइल फोन और टैबलेट की कीमत ही करीब 1.80 लाख रुपये बनती है। इसके अतिरिक्त स्मार्ट वॉच और कपड़ों का बैग भी चोर अपने साथ ले गए। परिवार का अनुमान है कि चोरी हुए पूरे सामान की कीमत करीब दो लाख रुपये है।

हनी अरोड़ा ने बताया कि जब उन्होंने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो पता चला कि दोनों युवक करीब 15 मिनट तक घर के अंदर घूमते रहे और अलग-अलग जगहों पर सामान की तलाश करते रहे। उन्होंने दावा किया कि दोनों में से एक युवक के हाथ में चाकू भी दिखाई दिया। परिवार का कहना है कि यदि उस समय घर का कोई सदस्य जाग जाता तो चोर उस पर हमला भी कर सकते थे। इस घटना के बाद से परिवार में डर और सहम का माहौल बना हुआ है।

पीड़ित ने बताया कि इससे पहले भी उनका साइकिल चोरी हो चुका है, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई थी। अब दोबारा घर में बड़ी चोरी होने से परिवार में रोष है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए और चोरी किया गया सामान बरामद करवाया जाए।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मुलाजिम मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस की ओर से सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य जानकारी जुटाकर चोरों की तलाश करने का भरोसा दिया गया है। अब देखना यह होगा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही फुटेज के आधार पर पुलिस कब तक आरोपियों तक पहुंचती है और चोरी हुए सामान की बरामदगी कर पाती है।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version