
बाघापुराना। बाघापुराना में कोटकपूरा रोड पर एक तेज रफ्तार पीआरटीसी बस की लापरवाही के कारण मोटरसाइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की दाहिनी टांग बुरी तरह कुचल गई। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए लुधियाना स्थित डीएमसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों को उसकी जान बचाने के लिए दाहिनी टांग काटनी पड़ी। पुलिस ने मामले में पीआरटीसी बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को दिए बयान में सुरिंदर कुमार करवाल पुत्र मथुरा दास निवासी बाघापुराना ने बताया कि उसका भतीजा आकाशदीप करवाल अपनी हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (नंबर PB-69-D-8335) पर सवार होकर जा रहा था। जब वह कोटकपूरा रोड बाघापुराना पर पहुंचा तो इसी दौरान पीछे से आ रही एक पीआरटीसी बस (नंबर PB-11-DP-4376) के चालक राजन कुमार पुत्र जगदीश कुमार निवासी मथुरा कॉलोनी, पटियाला ने कथित तौर पर बस को तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए गलत दिशा से मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के कारण मोटरसाइकिल सवार आकाशदीप सड़क पर गिर गया और उसकी दाहिनी टांग बस की चपेट में आकर बुरी तरह कुचल गई। हादसे में मोटरसाइकिल को भी काफी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल युवक को संभाला। शिकायतकर्ता के अनुसार, हादसे के समय बस चालक ने घायल युवक का इलाज करवाने का भरोसा दिया था, लेकिन बाद में वह अपनी बात से मुकर गया।
इसके बाद घायल आकाशदीप को बेहतर उपचार के लिए लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहां उसकी हालत गंभीर होने और टांग के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण डॉक्टरों को उसकी दाहिनी टांग काटनी पड़ी। इस घटना के बाद परिवार में चिंता और दुख का माहौल है।
मामले की जांच कर रही बाघापुराना पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर पीआरटीसी बस चालक राजन कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धाराओं 125(ए), 125(बी) और 324(2) के तहत मुकदमा नंबर 281 दर्ज किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मामले में चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई थाना बाघापुराना के सहायक थानेदार हरमेश लाल द्वारा की गई है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।
📍 Location: बाघापुराना
मेष: दिन शुभ रहेगा...