Site icon Dainik Savera Times

खुशहाल पंजाब रैली से बदलेगा प्रदेश का इतिहास, 2027 में फिर बनेगी आप सरकार : रमन गांधी

मोगा: खत्री अरोड़ा वेलफेयर बोर्ड के चेयरमैन रमन गांधी ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार प्रदेश को विकास, तरक्की और खुशहाली की नई राह पर आगे लेकर जा रही है। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर को मोगा जिले के गांव मटवानी में होने वाली खुशहाल पंजाब रैली प्रदेश की राजनीति में एक नया इतिहास रचेगी। यह रैली पंजाब के उज्ज्वल भविष्य और आम आदमी पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों के प्रति लोगों के विश्वास का प्रतीक बनेगी।

रमन गांधी ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा आम लोगों के हित में लिए जा रहे फैसलों, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रदेशवासियों को लाभ मिल रहा है। सरकार का उद्देश्य लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना और पंजाब को खुशहाल बनाना है। उन्होंने कहा कि खुशहाल पंजाब रैली में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सरकार के प्रति जनता के समर्थन को दर्शाएगी। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी भारी बहुमत से दोबारा सरकार बनाएगी। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा और प्रदेश में विकास तथा जनहित के कार्यों को और अधिक गति मिलेगी।

रमन गांधी ने कहा कि मोगा विधानसभा क्षेत्र से विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा भी आगामी विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत से जीत हासिल करेंगी। उन्होंने कहा कि डॉ. अरोड़ा ने अपने कार्यकाल के दौरान मोगा के विकास और लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता दी है। आगामी समय में उन्हें मंत्री पद की जिम्मेदारी मिलने से मोगा शहर के विकास को और अधिक मजबूती मिल सकती है। उन्होंने कहा कि मोगा शहर में सड़क निर्माण, सफाई व्यवस्था, बुनियादी सुविधाओं और अन्य विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाने की जरूरत है। सरकार के प्रयासों से शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और मोगा विकास के नए मुकाम हासिल करेगा।

रमन गांधी ने कहा कि खुशहाल पंजाब रैली केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पंजाब के विकास और खुशहाली के संकल्प को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने लोगों से रैली में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version