Moga to Hold Four Special Camps for Divyangs : मोगा। जिला प्रशासन मानसिक रोगियों और बौद्धिक दिव्यांग बच्चों को स्वास्थ्य सुविधाएं व सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए चार विशेष कैंप लगाएगा। इनमें यूडीआईडी कार्ड के लिए पंजीकरण भी होगा।
इसके तहत जिले में चार विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इन कैंपों के माध्यम से जरूरतमंद व्यक्तियों के यूडीआईडी (यूनिक डिसएबिलिटी आईडी) कार्ड बनाने के लिए रजिस्ट्रेशन किया जाएगा तथा उन्हें केंद्र और पंजाब सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। ये कैंप जिले के अलग-अलग वृद्ध आश्रमों और विशेष बच्चों के स्कूल में लगाए जाएंगे, ताकि जरूरतमंदों को सुविधाओं के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने बताया कि यह विशेष अभियान नेशनल लीगल सर्विसेज अथॉरिटी (एनएएलएसए) की वर्ष 2024 की योजना तथा पंजाब राज्य कानूनी सेवाएं अथॉरिटी के दिशा-निर्देशों के तहत चलाया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य मानसिक रोगों से पीड़ित व्यक्तियों और बौद्धिक दिव्यांगता वाले बच्चों तक सरकारी सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है। इसके तहत उन्हें चिकित्सा सुविधाएं, दिव्यांगता से संबंधित पहचान दस्तावेज और विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उनके रहने के स्थान पर ही उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा।
डीसी ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से इन विशेष कैंपों का शेड्यूल निर्धारित कर दिया गया है। इस कड़ी में 11 नवंबर को ओल्ड एज होम, एक आस सेवा सोसायटी आश्रम, गांव रौली में कैंप आयोजित किया जा चुका है। इसके अलावा 18 नवंबर को शिव कृपा ओल्ड एज होम, बेदी नगर में विशेष कैंप लगाया जाएगा। इसी प्रकार 20 नवंबर को गुरुद्वारा बाबा तेगा सिंह, चंद पुराना स्थित ओल्ड एज होम में तथा 25 नवंबर को स्पेशल चिल्ड्रन स्कूल, गोधेवाल, मोगा में कैंप आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन कैंपों में संबंधित विभागों के माध्यम से पात्र व्यक्तियों की पहचान, यूडीआईडी कार्ड के लिए रजिस्ट्रेशन और सरकारी योजनाओं से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया पूरी करवाने में सहयोग दिया जाएगा।
प्रशासन का प्रयास रहेगा कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति जानकारी या दस्तावेजों के अभाव में सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे। जिला प्रशासन की ओर से कैंपों के संबंध में जानकारी और संपर्क के लिए अलग-अलग फोन नंबर भी जारी किए गए हैं। 18 नवंबर को आयोजित होने वाले कैंप के लिए 99884-82595 और 78886-64709 पर संपर्क किया जा सकता है। 20 नवंबर के कैंप के लिए 98143-65306 और 73408-12669 तथा 25 नवंबर को स्पेशल चिल्ड्रन स्कूल, गोधेवाल में लगने वाले कैंप के लिए 78141-68966 और 88720-83361 पर संपर्क किया जा सकता है।
डिप्टी कमिश्नर ने संबंधित संस्थाओं और जरूरतमंद परिवारों से अपील की कि वे इन विशेष कैंपों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और पात्र व्यक्तियों का पंजीकरण करवाने के लिए प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर और विशेष देखभाल की जरूरत वाले वर्गों को सम्मानजनक जीवन, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

