Moga to Host 5th Grand Shyam Bhajan Sandhya on November 21 : मोगा। समूह श्याम प्रेमियों की ओर से आयोजित पांचवीं विशाल भजन संध्या ‘मन की बात सांवरे के साथ’ को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। 21 नवंबर को होने वाले इस धार्मिक आयोजन से पहले 20 नवंबर को शहर में श्री श्याम प्रभु खाटू वाले की भव्य निशान एवं कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। श्याम प्रेमियों ने विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा को निमंत्रण कार्ड भेंट कर कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
इसी कड़ी में श्याम प्रेमियों ने हलका विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा को निमंत्रण कार्ड भेंट कर कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया। श्याम प्रेमियों गगन मित्तल, हनी अग्रवाल, अंकुर गुप्ता, अमित गर्ग और अंकित सिंगला ने बताया कि 21 नवंबर को पांचवीं विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इससे एक दिन पहले 20 नवंबर को मोगा शहर में श्री श्याम प्रभु खाटू वाले की भव्य निशान एवं कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। आयोजन को लेकर शहर के श्याम भक्तों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि इस बार भजन संध्या में विशेष आकर्षण राधा रानी की साड़ी के रंग से मेल खाती श्याम प्रेमियों की एक जैसी विशेष ड्रेस होगी। इसके लिए गुजरात से विशेष साड़ियां मंगवाई गई हैं, जिन्हें मोगा में हस्तशिल्प के माध्यम से तैयार किया जा रहा है। एक जैसी ड्रेस में श्याम भक्तों की उपस्थिति पूरे आयोजन को भक्तिमय और आकर्षक स्वरूप प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि इस बार धार्मिक परंपरा के तहत 250 कुंजों में प्रसाद तैयार किया जाएगा। कुंज मिट्टी का विशेष बर्तन होता है, जिसमें श्याम प्रेमी महिलाएं अपने घरों से श्रद्धापूर्वक प्रसाद बनाकर लाएंगी।
भजन संध्या के बाद इन कुंजों को खाटू धाम ले जाकर बाबा श्याम को अर्पित किया जाएगा। श्याम प्रेमियों ने कहा कि अपने हाथों से तैयार प्रसाद बाबा के चरणों में अर्पित करना भक्तों के लिए श्रद्धा और सौभाग्य का विषय है। वहीं, निमंत्रण कार्ड बांटने का सिलसिला भी उत्साहपूर्वक जारी है। श्याम प्रेमी घर-घर जाकर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं। उन्होंने शहरवासियों से दोनों धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

