Moga to Host Grand Valmiki Shobha Yatra on October 22 : मोगा। भगवान वाल्मीकि जी के पावन प्रकट दिवस के उपलक्ष्य में 22 अक्टूबर को मोगा में विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी।
शोभायात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न करवाने के लिए वाल्मीकि सभा (रजि. 69) ने एसएसपी सरताज सिंह चहल को मांगपत्र सौंपकर पर्याप्त पुलिस सुरक्षा की मांग की है। सभा के प्रधान अरुण बोहत ने बताया कि शोभायात्रा दोपहर 2 बजे से रात 11 बजे तक निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। सभा ने पूरे मार्ग पर महिला एवं पुरुष पुलिस कर्मचारियों की तैनाती और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने की अपील की।
विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, समाजसेवी, धार्मिक संस्थाओं के प्रधान एवं पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी भी कार्यक्रम में पहुंचेंगे। इन मार्गों से होकर गुजरेगी शोभायात्रा अरुण बोहत ने बताया कि शोभायात्रा की शुरुआत वार्ड नंबर 40 स्थित वाल्मीकि कॉलोनी में चौखा पैलेस के नजदीक भगवान वाल्मीकि मंदिर से होगी। यहां से यात्रा जवाहर नगर, 9 नंबर, आर्य रोड, पुरानी सिटी रोड और मेन बाजार से होते हुए शाम लाल चौक पहुंचेगी। इसके बाद रेलवे रोड और चैंबर रोड से गुजरते हुए शहीदी पार्क के सामने से वापस वाल्मीकि कॉलोनी स्थित मंदिर पहुंचेगी।
रात करीब 11 बजे शोभायात्रा का समापन किया जाएगा। असामाजिक तत्वों पर नजर रखने की मांग सभा के पदाधिकारियों ने एसएसपी से अपील की कि शोभायात्रा के पूरे मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। विशेष रूप से महिला एवं पुरुष पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटियां लगाई जाएं, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। इस मौके पर सभा के प्रधान अरुण बोहत, चेयरमैन रघुवीर अनारियां, जनरल सचिव राजकुमार गोलू, डिप्टी चेयरमैन विक्की बोहत और मुख्य कैशियर अर्जुन कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
सभा ने प्रशासन से शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग देने की अपील की।

