Dainik Savera Times

मोगा में ट्रैफिक पुलिस सख्त, 1700 चालान, गलत पार्किंग पर 800 कार्रवाई

मोगा। शहर में लगातार बढ़ रही ट्रैफिक समस्या और त्योहारों के सीजन को देखते हुए मोगा पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सख्ती बढ़ा दी है। शहर के भीड़भाड़ वाले बाजारों, प्रमुख चौकों और व्यस्त सड़कों पर ट्रैफिक पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान किए जा रहे हैं, वहीं लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न स्थानों पर सेमिनार भी आयोजित किए जा रहे हैं।

ट्रैफिक पुलिस द्वारा विशेष रूप से गलत पार्किंग, रांग साइड ड्राइविंग और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य केवल चालान करना ही नहीं, बल्कि वाहन चालकों को नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करना भी है। लोगों को अपने वाहन निर्धारित स्थानों पर पार्क करने, सड़क पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने और अन्य वाहन चालकों की सुविधा का ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी ट्रैफिक मनमोहन सरना ने बताया कि एसएसपी सरताज सिंह चहल के निर्देशों के अनुसार शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। जहां भी ट्रैफिक जाम या यातायात संबंधी समस्या सामने आती है, वहां ट्रैफिक इंचार्ज और पुलिस कर्मचारी तुरंत पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करते हैं। जरूरत पड़ने पर यातायात को डायवर्ट भी किया जाता है। उन्होंने बताया कि अब तक ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के करीब 1700 चालान किए जा चुके हैं। इनमें लगभग 800 चालान गलत पार्किंग के हैं। इसके अलावा कारों पर काली फिल्म लगाने, बुलेट मोटरसाइकिलों से पटाखे बजाने, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने, सीट बेल्ट नहीं लगाने, ट्रिपल राइडिंग, प्रदूषण प्रमाणपत्र और ड्रिंक एंड ड्राइव सहित अन्य मामलों में भी कार्रवाई की गई है।

प्रताप रोड चौक में गड्ढे से भी प्रभावित हुआ ट्रैफिक

डीएसपी मनमोहन सरना ने बताया कि पिछले एक-दो दिनों से शहर में सामने आ रही ट्रैफिक समस्या का एक कारण प्रताप रोड चौक में नगर निगम द्वारा किया गया खुदाई का काम भी है। सड़क पर बड़ा गड्ढा होने के कारण इस मार्ग पर यातायात प्रभावित हो रहा है। इसके चलते ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है। उन्होंने बताया कि यह काम करीब तीन दिन का है और संभावना है कि जल्द ही पूरा हो जाएगा। काम पूरा होने के बाद इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था में सुधार आने की उम्मीद है।

दस्तावेज पूरे न होने पर होगी कार्रवाई

डीएसपी ने स्पष्ट किया कि वाहनों के दस्तावेजों की जांच के दौरान किसी प्रकार की सिफारिश या निजी प्रभाव को प्राथमिकता नहीं दी जाएगी। ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों और ट्रैफिक इंचार्ज को निर्देश दिए गए हैं कि वाहन के कागजात पूरे नहीं होने पर नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाए।

ई-रिक्शा चालकों को भी दी हिदायत

शहर में बढ़ रही ई-रिक्शाओं की संख्या को देखते हुए पुलिस ने इनकी गलत पार्किंग पर भी सख्ती शुरू कर दी है। भीड़भाड़ वाले बाजारों और संकरे रास्तों में ई-रिक्शा गलत तरीके से खड़े न करने की हिदायत दी जा रही है। इस संबंध में ई-रिक्शा चालकों के प्रतिनिधियों से भी बातचीत की गई है। उन्हें वाहनों को व्यवस्थित तरीके से चलाने और अत्यधिक भीड़ वाले बाजारों में अनावश्यक रूप से ई-रिक्शा ले जाने से बचने की अपील की गई है।

पेट्रोलिंग पुलिस भी रख रही नजर

शहर के विभिन्न भीड़भाड़ वाले बाजारों में पेट्रोलिंग पुलिस द्वारा लगातार गश्त की जा रही है। पुलिस का विशेष ध्यान इस बात पर है कि बाजारों में जाम की स्थिति पैदा न हो और एंबुलेंस तथा मरीजों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े। त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस कर्मचारियों की तैनाती और निगरानी को भी बढ़ाया गया है।

डीएसपी मनमोहन सरना ने शहरवासियों से अपील की कि त्योहारों के सीजन में बाजारों और सड़कों पर भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में लोग ट्रैफिक पुलिस का सहयोग करें और अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। बाजारों में बेतरतीब पार्किंग से बचें तथा वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज पूरे रखें। उन्होंने लोगों से यह भी अपील की कि संभव हो तो भीड़भाड़ वाले इलाकों में निजी वाहनों का इस्तेमाल कम करें, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग मिल सके।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version