Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोहाली पुलिस ने Mrs Chandigarh Aparna को किया गिरफ्तार, विदेश भेजने के नाम पर की करोड़ों की ठगी

July 28, 2024

मोहाली पुलिस ने Mrs Chandigarh Aparna को किया गिरफ्तार, विदेश भेजने के नाम पर की करोड़ों की ठगी

चंडीगढ़: पंजाब की मोहाली पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर लोगों से ठगी करने के आरोप में पूर्व मिसेज चंडीगढ़ अपर्णा सरगोता और उसके बेटे कुणाल को गिरफ्तार किया है। फेज-11 थाना पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 500 ग्राम सोने के बिस्किट, 7 लाख रुपये नकद और एक लग्जरी कार बरामद की गई है। इस मामले में पुलिस उसके पति संजय को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

फेज-11 थाने के एसएचओ गनदीप सिंह ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि करीब ढाई से तीन करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इनके खिलाफ 25 और केस दर्ज हैं। भविष्य में कई और परतें खुलेंगी। वहीं ठगी के शिकार लोगों की संख्या भी बढ़ सकती है। मोहाली पुलिस के मुताबिक महिला ने अपने पति के साथ मिलकर सेक्टर 105 में इमिग्रेशन ऑफिस खोला हुआ था।

जहां वे विदेश जाने वाले लोगों की मजबूरी का फायदा उठाते थे। इस दौरान वे लोगों से लाखों रुपए ऐंठ लेते थे। लेकिन बाद में उन्हें विदेश भेजना तो दूर, उनका फोन भी नहीं उठाते थे। लोगों को लगातार परेशान किया जाता था। उनकी ठगी के शिकार कई लोग थाने पहुंचे। इसके बाद मामला दर्ज किया गया। पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी महिला ने धोखाधड़ी के पैसों से आधा किलो सोने के बिस्किट खरीदे थे।

उसके पास से 100-100 ग्राम के बिस्किट बरामद हुए हैं। सात लाख रुपये नकद और एक फोर्ड इको स्पोर्ट कार भी बरामद हुई है। अब पुलिस उसके बैंक खाते में मौजूद संपत्ति का पता लगाने में जुट गई है। पुलिस ने साफ कहा कि संपत्ति जब्त की जाएगी। हमारा प्रयास लोगों को न्याय दिलाना है। पुलिस के मुताबिक अपर्णा पेशे से वकील थी। उसने 2019 में 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में मिसेज चंडीगढ़ का खिताब जीता था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें