Mohinder Inaugurates Education Projects : जालंधर। कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने ‘पंजाब शिक्षा क्रांति’ के तहत आबादपुरा के सरकारी स्कूलों में 15 लाख रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
इन प्रोजेक्टों में सरकारी प्राईमरी स्कूल, आबादपुरा में 10 लाख रुपये और सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, आबादपुरा में 5 लाख रुपये की लागत से बुनियादी ढांचे को अपग्रेड करना शामिल है। मीडिया को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं और बेहतरीन शिक्षा प्रदान करना राज्य सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पूरे राज्य में सरकारी स्कूलों का पूर्ण नवीनीकरण और इमारतों का विस्तार किया जा रहा है, जिससे उन्हें प्राइवेट स्कूलों से भी बेहतर बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के लिए अति-आधुनिक माहौल सुनिश्चित करने के लिए इंटरैक्टिव एलसीडी स्क्रीन से लैस स्मार्ट क्लासरूम जैसी सुविधाएं शुरू की गई है। सरकारी स्कूलों के उच्च-योग्यता प्राप्त और अनुभवी शिक्षकों की बात करते हुए श्री भगत ने अभिभावकों से अपील की कि वह अपने बच्चों का उज्ज्वल भविष्य बनाने के लिए उन्हें सरकारी संस्थानों में दाखिल करवाएं। उन्होंने कहा कि ‘रंगला पंजाब’ अभियान के तहत पूरे राज्य में सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को और बेहतर बनाने तथा कल्याण प्रोग्रामों पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे है। ‘पंजाब शिक्षा क्रांति’ के कोऑर्डिनेटर संजीव भगत ने पूरे राज्य के स्कूलों में बड़े पैमाने पर पहल शुरू करने के लिए पंजाब सरकार का धन्यवाद व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि इन ठोस कदमों से शैक्षिक ढांचे को बड़ा बढ़ावा मिलेगा, कक्षाएं आधुनिक तकनीक से लैस होंगी और पूरे राज्य में छात्रों के लिए शिक्षा का स्तर ऊंचा होगा। इस अवसर पर स्कूल प्रिंसिपल सोनिया धवन, हेड टीचर नरेंद्रजीत कौर, गुरनाम सिंह, चेयरपर्सन एस.एम.सी. कमेटी मोनिका बत्रा, सुषमा भगत, राज सभरवाल, राज कुमार, अशोक कुमार, गुरप्रीत सिंह, मनमोहन, प्रवीण बाला, करन सेतिया, अनुज और अन्य भी मौजूद थे।

