Last Updated: October 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

प्रेम-प्रसंग में रुकावट बन रही सास की बहू ने प्रेमी संग मिल की थी हत्या

March 12, 2026

प्रेम-प्रसंग में रुकावट बन रही सास की बहू ने प्रेमी संग मिल की थी हत्या

अमृतसर: थाना गेट हकीमा के नजदीक स्थित इलाका इंदिरा कॉलोनी में बुजुर्ग महिला की हत्या का मामला सामने आया था। पुलिस ने मामले में शव कब्जे में लेकर जांच की। हत्या की गुत्थी को सुलझा लिया है। मरने वाली महिला कमलेश रानी की बहू मिनटी शर्मा ने अपने अवैध संबंधों के चलते सास की हत्या की है। हत्या उसने अपने आशिक दलबीर सिंह के साथ मिलकर की है। कमलेश रानी दोनों के अवैध संबंधों और प्रेम प्रसंग के बीच रुकावट बन रही थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह जानकारी पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बुधवार शाम को प्रेस कांफ्रेंस के दौरान दी।

पुलिस ने 24 घंटे में हत्या की गुत्थी को सुलझा लिया है। पुलिस कमिश्नर द्वारा थाना गेट हकी शमां की पुलिस की कार्यवाही की सराहना की गई है। जानकारी के अनुसार 70 वर्षीय कमलेश रानी पत्नी स्वर्गीय ओमप्रकाश निवासी गली नंबर 3 इंदिरा कॉलोनी जवाहर रोड नजदीक गेट हकीमा सोमवार की दोपहर को घर में अकेली थी। जब शाम को परिवार के सदस्य घर पहुंचे तो देखा घर का सामान बिखरा पड़ा था। घर के अंदर मौजूद कमलेश रानी की मौत हो चुकी थी। तुरंत पुलिस को सूचित किया।

एसीपी जसपाल सिंह, थाना गेट हकीमा की इंचार्ज इंस्पैक्टर मनजीत कौर, सीआईए स्टाफ अमृतसर सिटी-3 के इंचार्ज बलविंदर सिंह और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। मामले की गहन जांच की गई। पुलिस के अनुसार मृतका के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं है। शक है कि गला घोटकर जा सांस बंद कर हत्या की गई। पुलिस ने जब जांच की तो पता चला कि कमलेश रानी की बहू मिनटी के अवैध संबंध इलाके में दूध की डेयरी चलाने वाले दलबीर सिंह के साथ हैं।

कमलेश रानी दोनों के अवैध संबंधों का विरोध करती थी। शुक्रवार को पूरा परिवार दीनानगर पठानकोट में शादी समारोह में गया था। मौका पाकर मिनटी ने दलबीर सिंह को एसी ठीक करवाने के बहाने घर बुलाया। इसके बाद तकिए के साथ मुंह दबाकर हत्या कर दी और खुद ही हथौड़े के साथ घर की अलमारी के ताले तोड़ सामान को बिखेर दिया। पुलिस ने मामले की टैक्निकल और मैनुअल दोनों प्रकार की जांच की। जिससे पूरे मामले का खुलासा हो गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है ।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें