Site icon Dainik Savera Times

माँ का दूध पीने के बाद बच्चे की हुई मौत, जानें क्या रहा कारण

Mother Milk: पंजाब के मोहाली के सेक्टर 82 में एक दिल दहला देने वाली घटना घटी है, जहां ढाई महीने के एक बच्चे की माँ का दूध पीने के बाद मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दूध पीने के बाद बच्चे को उल्टी हुई और उल्टी के दौरान दूध उसकी श्वास नली में चला गया, जिससे उसकी सांसें थम गईं। जब तक उसके परिजन उसे अस्पताल ले गए, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ढाई महीने के गोपाल को उसकी मां पूजा देवी ने दूध पिलाने के बाद सुला दिया था। कुछ देर बाद बच्चे को उल्टी हुई और दूध उसकी श्वास नली में चला गया, जिससे वह बेहोश हो गया। जब मां ने देखा कि बच्चे की सांस नहीं चल रही है, तो परिजन घबरा गए और उसे सिविल अस्पताल, फेज 6 ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि यह घटना गलत तरीके से दूध पिलाने के कारण हुई। नवजात शिशु को दूध पिलाते समय, दूध को श्वास नलिका में जाने से रोकने के लिए सिर की स्थिति और निगलने पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

परिवार के अनुसार, बच्चा पूरी तरह स्वस्थ था और सुबह हमेशा की तरह स्तनपान कर रहा था। पिता शंकर दास ने बताया कि उनकी पहले से ही दो बेटियां हैं, और यह बेटा लंबे इंतज़ार और प्रार्थनाओं के बाद पैदा हुआ। बेटे की अचानक मौत से पूरा परिवार सदमे और शोक में है।

Exit mobile version