लुधियाना: हुसैनपुर स्थित श्री आत्म वल्लभ जैन पब्लिक स्कूल के सामने उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब एलकेजी में पढ़ने वाले 5 वर्षीय बच्चे को उसकी मां स्कूल से अपने साथ ले गई। घटना से नाराज बच्चे के परिजनों और स्थानीय लोगों ने स्कूल गेट के सामने विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर स्कूल प्रबंधन ने छुट्टी घोषित कर दी।
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे बच्चे के दादा मंगा राम ने बताया कि बच्चा पिछले चार वर्षों से उनके साथ रह रहा था। करीब चार महीने पहले बच्चे के पिता की मौत हो गई थी, जबकि उसकी मां पहले से ही परिवार से अलग रह रही थी। ऐसे में बच्चे के पालन-पोषण की जिम्मेदारी परिवार के सदस्य ही उठा रहे थे। मंगा राम के अनुसार, उन्होंने स्कूल प्रबंधन को लिखित रूप से निर्देश दिए थे कि बच्चे को उनकी अनुमति के बिना किसी अन्य व्यक्ति, यहां तक कि उसकी मां को भी, न सौंपा जाए। इसके बावजूद बच्चे को मां के साथ भेजे जाने पर परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया।
ग्रामीणों का दावा है कि मंगलवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे महिला कुछ लोगों के साथ स्कूल पहुंची और बच्चे को अपने साथ ले गई। परिजनों ने सवाल उठाया कि स्कूल प्रबंधन और सुरक्षा कर्मियों की अनुमति के बिना कोई बाहरी व्यक्ति स्कूल परिसर में कैसे दाखिल हुआ और बच्चे को अपने साथ कैसे ले गया।
प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। परिवार का आरोप है कि घटना की सूचना पुलिस को दिए जाने के बावजूद तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की गई। परिवार के मुताबिक, बच्चे को ले जाने में इस्तेमाल वाहन भी गांव के पंच की मदद से खोजा गया। परिजनों का कहना है कि पुलिस से मदद की उम्मीद थी, लेकिन उनकी सहायता करने के बजाय उनसे ही पूछताछ की जा रही है। घटना को लेकर स्कूल प्रबंधन और परिवार के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।
📍 Location: लुधियाना (लुधियाना)

