अमृतसरः एयर फोर्स स्टेशन अमृतसर कैंट द्वारा 27वें कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित 1600 किलोमीटर लंबी मोटरसाइकिल अभियान सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। इस अभियान में स्टेशन कमांडर के नेतृत्व में 17 एयर वॉरियर्स ने मोटरसाइकिलों पर भाग लिया।
यह अभियान 24 जुलाई को प्रारंभ हुआ और 30 जुलाई को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अभियान के दौरान टीम ने चंडीगढ़, नई दिल्ली, जयपुर, हिसार और बठिंडा सहित विभिन्न शहरों की यात्रा की। यात्रा के दौरान एयर वॉरियर्स ने विभिन्न युद्ध स्मारकों पर श्रद्धांजलि अर्पित कर कारगिल के वीर शहीदों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। साथ ही पूर्व सैनिकों से मुलाकात कर उनके राष्ट्र के प्रति योगदान का सम्मान किया।
इस अभियान का उद्देश्य कारगिल युद्ध में भारतीय सशस्त्र बलों की ऐतिहासिक विजय को स्मरण करना तथा युवाओं में देशभक्ति, साहस, त्याग और राष्ट्रीय गौरव की भावना को प्रोत्साहित करना था। यह अभियान देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों की अमर गाथा को जन-जन तक पहुंचाने का भी एक प्रयास है।
इस अवसर पर स्टेशन कमांडर, एयर फोर्स स्टेशन अमृतसर कैंट ने कहा कि यह अभियान कारगिल के वीर शहीदों की बहादुरी और सर्वोच्च बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को राष्ट्र सेवा, अनुशासन और देश के प्रति समर्पण की प्रेरणा देते हैं।

