Site icon Dainik Savera Times

ट्रैक्टर की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार की मौत

मोगा: जिले के थाना मेहना के अंतर्गत आने वाले गांव बुघीपुरा पुल पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार फोर्ड 3600 ट्रैक्टर के चालक ने कथित तौर पर बिना पीछे देखे लापरवाही से अचानक ट्रैक्टर को हाईवे पर मोड़ दिया। इस दौरान पीछे से आ रही मोटरसाइकिल ट्रैक्टर के पीछे लगे बड़े हलों से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस को दिए बयान में बलराज सिंह निवासी मोगा ने बताया कि उसके जीजा बलराज सिंह उर्फ बंटी अपनी मोटरसाइकिल नंबर PB-29-AJ-7420, रॉयल एनफील्ड पर सवार होकर उससे मिलने के लिए आए थे। इसके बाद वह अपने दोस्त अशोक शर्मा के साथ कार में सवार होकर बलराज सिंह के पीछे-पीछे गांव बुघीपुरा की ओर जा रहे थे।

शिकायतकर्ता के अनुसार, जब वे बुघीपुरा रेलवे क्रॉसिंग पुल के ऊपर पहुंचे तो उनके सामने एक नीले रंग का फोर्ड 3600 ट्रैक्टर दिखाई दिया। ट्रैक्टर के पीछे काफी बड़े हल लगे हुए थे। आरोप है कि ट्रैक्टर चालक ने बिना पीछे देखे लापरवाही से अचानक ट्रैक्टर को हाईवे पर मोड़ दिया। इसी दौरान पीछे से आ रहे बलराज सिंह की मोटरसाइकिल ट्रैक्टर के पीछे लगे हलों से टकरा गई।

हादसे में बलराज सिंह उर्फ बंटी पुत्र बलदेव सिंह निवासी गांव बुघीपुरा, जिला मोगा की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस थाना मेहना ने शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं तथा मोटर वाहन दुर्घटना से संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और अज्ञात ट्रैक्टर चालक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version