जालंधर। शहर के एकदम व्यस्त बस्ती अड्डा चौक के पास स्थित श्री हनुमान मंदिर के निकट मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क पर चल रही एक एक्टिवा में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
तेज हवाओं में धधकी एक्टिवा
तेज हवाओं के कारण लपटें तेजी से फैलने लगीं और कुछ ही मिनटों में पूरी एक्टिवा आग की चपेट में आ गई। लोगों ने बताया कि चालक ने जैसे ही एक्टिवा से धुआं और आग की लपटें निकलती देखीं, उसने तुरंत सूझबूझ का परिचय देते हुए वाहन को सड़क किनारे रोककर दूर फेंक दिया और सुरक्षित स्थान पर पहुंच गया। चालक की तत्परता के कारण बड़ा हादसा टल गया, क्योंकि यह इलाका हमेशा लोगों और वाहनों की आवाजाही से व्यस्त रहता है। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और अग्निशमन वाहन की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कुछ ही देर की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
आग में खाक हुई एक्टिवा, चालक सुरक्षित
इस संबंध में फायर ब्रिगेड अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि बस्ती अड्डा चौक के पास श्री हनुमान मंदिर के निकट एक एक्टिवा में आग लग गई है। सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंची और एक फायर टेंडर की सहायता से आग बुझा दी गई। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई और न ही आसपास खड़े अन्य वाहनों या दुकानों तक आग पहुंची। हालांकि, आग इतनी भीषण थी कि एक्टिवा पूरी तरह जलकर कबाड़ में तब्दील हो गई। घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सामान्य कराया गया।

