Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

पटियाला में चलती स्कॉर्पियो में आग, बाल-बाल बचे सवार

August 8, 2026

पटियाला में चलती स्कॉर्पियो में आग, बाल-बाल बचे सवार

moving-scorpio-catches-fire-in-patiala : पटियाला। पटियाला-चंडीगढ़ मार्ग पर नए बस स्टैंड के नजदीक उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हरियाणा नंबर की एक स्कॉर्पियो गाड़ी में अचानक आग लग गई। गाड़ी के डैशबोर्ड के पास से धुआं निकलता देख उसमें सवार लोग तुरंत बाहर निकल आए। समय रहते सभी सवारों के बाहर निकल जाने से बड़ा हादसा बच गया। घटना के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए लोगों की भीड़ जुट गई और वाहन को देखने के लिए राहगीर भी रुक गए। शुरुआती तौर पर आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

मदद के इंतजार में धू-धूकर जली स्कॉर्पियो

आग लगने के बाद कार सवारों ने आग पर काबू पाने के लिए नजदीकी पेट्रोल पंप और कार एजेंसी से मदद की गुहार लगाई। उन्होंने पेट्रोल पंप और एजेंसी के कर्मचारियों से आग बुझाने के लिए फायर एक्सटिंग्विशर सिलेंडर उपलब्ध करवाने की मांग की। कार मालिक के अनुसार, पेट्रोल पंप पर मदद मांगने के दौरान उनसे कथित तौर पर 2,000 रुपये की मांग की गई। वहीं, कार एजेंसी की ओर से भी आग बुझाने में मदद नहीं मिल सकी। इसी दौरान देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी स्कॉर्पियो को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

आरोप, मदद मिलती तो बच सकती थी स्कॉर्पियो

मौके पर मौजूद कार मालिक ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते आग बुझाने के लिए सिलेंडर उपलब्ध करवा दिया जाता तो शायद वाहन को बचाया जा सकता था। कार मालिक ने बताया कि उन्होंने पेट्रोल पंप पर जाकर कर्मचारियों से मदद की गुहार लगाई थी और आग बुझाने के लिए फायर सिलेंडर देने का आग्रह किया था, लेकिन उनसे 2,000 रुपये मांगे गए। इसके बाद आग लगातार बढ़ती गई और पूरी गाड़ी जल गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग में स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें