पंजाब डेस्क: खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए असम की डिब्रूगढ़ जेल से बाहर लाया गया है। पंजाब पुलिस की टीम उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच पहले दिल्ली और फिर हवाई मार्ग से पंजाब लेकर पहुंचेगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 2:30 बजे दिल्ली से पंजाब के लिए फ्लाइट रवाना होगी।
अमृतपाल सिंह 21 नवंबर को अमृतसर जिले में स्थित अपने पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा में दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। इस संबंध में अमृतसर की अदालत ने उन्हें तीन घंटे की कस्टडी पैरोल मंजूर की है। सुरक्षा कारणों से पंजाब पहुंचने के बाद उन्हें कहां रखा जाएगा, इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
12 बजे से 3 बजे तक मिली कस्टडी पैरोल
अमृतसर की सेशन कोर्ट ने सांसद अमृतपाल सिंह को 21 नवंबर को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक यानी कुल तीन घंटे के लिए कस्टडी पैरोल दी है। इस दौरान वह पुलिस की निगरानी में अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल हो सकेंगे।
अदालत ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि इस दौरान कानून-व्यवस्था बिगड़ने या कोई भी घटना की आशंका होने पर पुलिस उन्हें तुरंत वहां से हटा सकती है। जरूरत पड़ने पर उन्हें पंजाब से बाहर भी ले जाया जा सकता है।
दादी चरण कौर का गांव के खेतों में होगा अंतिम संस्कार
अमृतपाल सिंह की दादी चरण कौर का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा में किया जाएगा। परिवार की ओर से इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। अंतिम संस्कार गांव में स्थित उनके खेतों में करने की व्यवस्था की जा रही है।
परिवार के सदस्यों और गांव के लोग अंतिम विदाई की तैयारियों में जुटे हुए हैं। गौरतलब है कि चरण कौर का निधन 8 नवंबर को हुआ था। अमृतपाल सिंह के जेल में होने के कारण परिवार ने उन्हें अंतिम संस्कार में शामिल कराने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया था।
अमृतपाल को लाने-ले जाने के लिए परिवार ने जमा कराए 10 लाख रुपये
सांसद को असम से पंजाब लाने और अंतिम संस्कार के बाद वापस डिब्रूगढ़ जेल पहुंचाने की व्यवस्था का खर्च उनके परिवार को उठाना पड़ा है।
जानकारी के मुताबिक, परिवार ने पुलिस के सरकारी खाते में कुल 10 लाख रुपये जमा करवाए हैं। इसमें से लगभग 7.84 लाख रुपये हवाई टिकटों पर खर्च होंगे। इस रकम में अमृतपाल सिंह और उनके साथ तैनात पांच पुलिसकर्मियों के आने-जाने का किराया शामिल है।
तीन दिन की पैरोल देने में पुलिस ने जताई थी असमर्थता
शुरुआत में अमृतपाल सिंह को तीन दिन की कस्टडी पैरोल देने की मांग की गई थी, लेकिन पंजाब पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर असमर्थता जताई।
पुलिस का कहना था कि इतने लंबे समय तक सुरक्षा प्रबंध बनाए रखना संभव नहीं है और वह केवल तीन घंटे के लिए ही आवश्यक व्यवस्था कर सकती है। इसी आधार पर अदालत ने उन्हें तीन घंटे की सीमित कस्टडी पैरोल देने का फैसला किया।
माहौल बिगड़ने पर तुरंत वापस ले जाने की अनुमति
अदालत के लिखित आदेश में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष शर्तें रखी गई हैं। इसके अनुसार, अगर अंतिम संस्कार के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है, कोई अप्रिय घटना होती है या ऐसी स्थिति बनने की उचित आशंका होती है, तो सरकार और पुलिस अमृतपाल सिंह को तुरंत वहां से ले जा सकती हैं।
ये भी पढ़ें…
अदालत ने यह भी स्पष्ट किया है कि ऐसी परिस्थिति में उन्हें केवल अंतिम संस्कार स्थल से हटाना ही जरूरी नहीं होगा, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत पंजाब से बाहर भी भेजा जा सकता है।
कड़ी सुरक्षा के बीच गांव पहुंचेंगे सांसद
असम की डिब्रूगढ़ जेल से पंजाब तक अमृतपाल सिंह की यात्रा के दौरान पुलिस की विशेष टीम उनके साथ रहेगी। दिल्ली से पंजाब पहुंचने के बाद भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी जाएगी।

