अमृतसर। अमृतसर से सांसद गुरजीत सिंह औजला ने गुरुवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर शहर के सबसे महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में से एक माने जा रहे एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण की मांग उठाई। इस दौरान उन्होंने गडकरी को अमृतसर में लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक दबाव, एयरपोर्ट रोड पर रोजाना लगने वाले जाम और आने वाले वर्षों में बढ़ने वाली यातायात की चुनौतियों से विस्तार से अवगत कराया।
औजला ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि अमृतसर देश के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय शहरों में शामिल है। यहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु, पर्यटक, कारोबारी और घरेलू व विदेशी यात्री पहुंचते हैं। आने वाले समय में दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे पूरी तरह संचालित होने और प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के शुरू होने के बाद इस क्षेत्र में वाहनों की संख्या कई गुना बढ़ जाएगी। यदि अभी से आवश्यक सड़क ढांचे का विस्तार नहीं किया गया तो ट्रैफिक की स्थिति और गंभीर हो सकती है।
सांसद ने गडकरी के समक्ष गुमटाला बाईपास से श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, राजासांसी होते हुए मोर्चा साहिब गुरुद्वारा के निकट दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के राउंडअबाउट तक एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से एयरपोर्ट, एक्सप्रेसवे और शहर के प्रमुख मार्गों के बीच सिग्नल-फ्री कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी, जिससे लोगों का समय बचेगा और ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी।
औजला ने कहा कि वर्तमान में एयरपोर्ट रोड दिनभर भारी ट्रैफिक के दबाव में रहती है। पंजाब पुलिस और प्रशासन के प्रयासों के बावजूद कई बार लंबा जाम लग जाता है, जिससे यात्रियों की घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें तक छूट जाती हैं। इससे लोगों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक परेशानी भी झेलनी पड़ती है। मौजूदा सड़क व्यवस्था भविष्य में बढ़ने वाले ट्रैफिक का भार उठाने में सक्षम नहीं है।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि इस परियोजना को तत्काल मंजूरी दी जाए। साथ ही भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को तुरंत फीजिबिलिटी स्टडी और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश दिए जाएं। औजला ने यह भी मांग की कि इस परियोजना को राष्ट्रीय महत्व की उच्च प्राथमिकता वाली इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजना घोषित किया जाए, ताकि इसके निर्माण में किसी प्रकार की देरी न हो।
सांसद ने कहा कि एलिवेटेड कॉरिडोर बनने से न केवल अमृतसर शहर के लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे और प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम तक निर्बाध एवं तेज यातायात सुविधा उपलब्ध होगी। इससे पर्यटन, व्यापार और धार्मिक गतिविधियों को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा तथा अमृतसर के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
📍 Location: Amritsar (Amritsar)

