अमृतसर: सांसद डॉ. विक्रमजीत सिंह साहनी ने शनिवार को ब्लॉक रमदास के गांव जट्टां में डि-वॉटरिंग (जल निकास) सुविधा का उद्घाटन किया। यह सुविधा हाल ही में आई बाढ़ से प्रभावित लगभग 150 एकड़ कृषि भूमि से रुके हुए पानी को निकालने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इस नई सुविधा में लगभग चार किलोमीटर लंबी पाइपलाइन नैटवर्क शामिल है, जो खेतों में जमा पानी को बाहर निकालने में सक्षम है। इससे किसानों को दोबारा खेती शुरू करने में मदद मिलेगी और जमीन की उपजाऊ शक्ति बनी रहेगी। यह पहल सन फाउंडेशन द्वारा की गई है और इससे कई परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है जिनकी आजीविका लंबे समय से जलभराव के कारण प्रभावित हुई थी।
उद्घाटन के बाद डॉ. साहनी ने गाँव के प्रभावित परिवारों को रिहैबिलिटेशन किट्स वितरित की, जिसमें बिस्तर, गद्दे, किचन सेट, फर्नीचर, राशन, फॉगिंग मशीन आदि शामिल हैं। डॉ. साहनी ने कहा की यह डि-वॉटरिंग परियोजना हमारे किसानों के लिए सामान्य जीवन बहाल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कोई किसान प्राकृतिक आपदाओं के कारण परेशान न हो, इसके लिए समय पर कार्रवाई आवश्यक है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि पंजाब के अन्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्नों में भी इस तरह की पहलों को आगे बढ़ाया जाएगा। स्थानीय निवासियों और किसानों ने डॉ. साहनी को उनकी सहायता और सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।