Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोहाली में बहुमंजिला इमारत गिरी: सीएम मान बोले, ‘मैं प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हूं’, दोषियों पर होगी कार्रवाई

December 22, 2024

मोहाली में बहुमंजिला इमारत गिरी: सीएम मान बोले, ‘मैं प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हूं’, दोषियों पर होगी कार्रवाई

मोहाली: पंजाब में मोहाली के सोहाना इलाके में शनिवार शाम को एक बहुमंजिला इमारत गिर गई। मलबे में कई लोग फंस गए हैं। एनडीआरएफ ने पहुंचकर बचाव कार्य तेज कर दिया है।पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान जिला प्रशासन से फोन पर स्थिति पर नजर रख रहे हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार, पश्चिमी कमान से सेना की टुकड़ी को भी बचाव कार्य तेज करने के लिए कहा गया है। सेना और एनडीआरएफ की टीमें बचाव अभियान में स्थानीय प्रशासन की मदद कर रही हैं।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक्स पोस्ट में कहा, साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) के सोहाना के पास एक बहुमंजिला इमारत के हादसे का दुखद समाचार मिला है। पूरा प्रशासन और अन्य बचाव कार्यों वाली टीमें मौके पर तैनात हैं। मैं प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हूं। प्रार्थना करते हैं कि कोई जान-माल का नुकसान ना हुआ हो, दोषियों पर कार्रवाई भी करेंगे। लोगों से अपील है कि प्रशासन का सहयोग करें।

अधिकारियों ने बताया कि शनिवार शाम पंजाब के मोहाली जिले में एक छह मंजिला इमारत ढह गई, जिसके मलबे में कई लोग दब गए। मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है। मोहाली प्रशासन ने बचाव अभियान के लिए सेना की स्थानीय इंजीनियर इकाई की दो टुकड़ियों को बुलाया है। बचाव अभियान जारी है और एक व्यक्ति को बचाकर अस्पताल पहुंचाया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक पारीक ने मीडिया को बताया, ऑपरेशन जारी है। एनडीआरएफ, पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर हैं। इस दुर्घटना के पीछे के कारणों की जांच की जाएगी। अधिकारियों का अनुमान है कि मलबे में 10 से 11 लोग फंसे हो सकते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें