Site icon Dainik Savera Times

नगर निगम का बजट आज होगा पेश, विपक्ष ने की हंगामे की तैयारी

जालंधर : नगर निगम के 569.40 करोड़ रुपए के बजट को मंजूरी दिलाने के लिए नगर निगम के हाउस की बैठक सोमवार (30 मार्च) को रेड क्रॉस भवन में सुबह 11 बजे होगी। बजट को पास करवाने के लिए जहां सत्ताधारी आम आदमी पार्टी ने पूरी तैयारी की है वहीं विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने पार्षद दल के नेता मनजीत सिंह टीटू के कार्यालय में आम आदमी पार्टी को घेरने के लिए रणनीति तैयार की और उम्मीद है कल हंगामे की भी तैयारी हो चुकी है।

वहीं सत्ताधारी आम आदमी पार्टी ने मेयर वनीत धीर के नेतृत्व में बजट पूर्व बैठक करके विपक्ष के हर मुद्दे का तोड़ पहले ही ढूंढ रखा है। हाउस की बैठक में विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी अपने विकास कार्य अधूरे रहने को लेकर पूरी तैयारी के साथ आएगा। बजट पूर्व बैठक आज पार्षद मनजीत टीटू के कार्यालय में हुई। इस बैठक में स्पष्ट कहा गया कि भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों के कार्य पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि लोगों के अधिकारों और हितों के लिए तथा शहर के विकास से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

भाजपा के पार्षदों को सड़क से लेकर हाउस तक संघर्ष करना पड़ा तो वह पीछे नहीं हटेंगे। बैठक में सभी नेताओं ने एकजुट का संदेश देते हुए कहा कि कल की बैठक को सफल बनाने के लिए पूरी तैयारी की जाएगी। बैठक में कहा गया कि शहर से जुड़े विकास कार्यों, लोगों की समस्याओं और नगर निगम में पिछले समय के दौरान शेष रहते कामों के बारे में विस्तार से चर्चा की गई।

वार्ड नंबर 80 से भाजपा के पार्षद और पार्षद दल के नेता मनजीत सिंह टीटू ने कहा कि लोगों ने पार्षदों को अपने इलाकों के विकास और मूलभूत सुविधाओं के लिए चुना है मगर पिछले समय के दौरान भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों द्वारा रखे गए कई काम अभी तक पूरे नहीं हो सके हैं। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए और लोगों की आवाज बनने के लिए एकजुट होकर हाउस में आवाज उठाई जाएगी।

बैठक में यह भी फैसला लिया गया कि रेड क्रॉस भवन में कल सुबह 11 बजे शुरू होने वाली बैठक से पूर्व भी एक बैठक की जाएगी जिसमें अपनी रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा। भाजपा पार्षदों की इस बैठक में पार्षद पति अमित सिंह संधा, गुरदीप सिंह फौजी, मीनू ढंड,कृष्णा मिनिया, कंवर सरताज सिंह, दविंदर सिंह सोई, पार्षद राजीव ढींगरा व अन्य नेता मौजूद थे।

Exit mobile version