लुधियाना: नगर निगम लुधियाना ने चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक की सबसे बड़ी प्रापर्टी टैक्स वसूली दर्ज की है। निगम ने 30 सितंबर 2025 तक 123.39 करोड़ रुपए से अधिक का प्रापर्टी टैक्स वसूला है। यह किसी भी वित्तीय वर्ष में 30 सितंबर तक की अब तक की सर्वाधिक वसूली है। पिछले वर्ष (2024-25) इसी अवधि तक नगर निगम ने 112.94 करोड़ रुपए की वसूली की थी। मेयर इंदरजीत कौर और निगम कमिश्नर आदित्य डेचलवाल ने निगम के चारों जोनों के स्टाफ को इस रिकॉर्ड वसूली के लिए बधाई दी और उनके प्रयासों की प्रशंसा की।
नेतृत्व के तहत संपत्ति कर वसूली को तेज करने के लिए कई कदम उठाए गए, जिनमें मोबाइल फोनों पर संदेश भेजना और नागरिकों की सुविधा के लिए मोहल्लों में विशेष कैंप लगाना शामिल था। इसके साथ ही प्रापर्टी टैक्स शाखा के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे शेष बकाया वसूली के लिए मेहनत जारी रखें। अधिकारियों ने बताया कि इन फंडों का उपयोग नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और विकास कार्यों को पूरा करने के लिए किया जाता है। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चालू वित्तीय वर्ष में अब प्रापर्टी टैक्स के भुगतान पर किसी प्रकार की छूट उपलब्ध नहीं होगी, लेकिन नागरिक 31 दिसंबर 2025 तक बिना किसी जुर्माने के प्रापर्टी टैक्स रिटर्न जमा करवा सकते हैं।
ये भी पढ़ें: Punjab Budget Session 2026 : इन सेक्टर्स को सरकार दे सकती है बड़ा तोहफा

