लुधियाना: मानसून के दौरान शहरवासियों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम लुधियाना ने पहली बार 24×7 मानसून हैल्पलाइन और व्हाट्सएप्प चैटबॉट सेवा शुरू की है। मेयर इंदरजीत कौर और नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार ने गुरुवार को जोन-डी कार्यालय, सराभा नगर में इस सुविधा का शुभारंभ किया। नगर निगम ने 90867-91867 को समर्पित मानसून हैल्पलाइन नंबर बनाया है।
नागरिक इस नंबर पर कॉल करने के साथ-साथ व्हाट्सएप्प मैसेज भेजकर भी अपनी शिकायत दर्ज करवा सकेंगे। शिकायत दर्ज होते ही चैटबॉट शिकायतकर्त्ता से समस्या, पता, वार्ड नंबर सहित आवश्यक जानकारी मांगेगा। नागरिक अपनी शिकायत से संबंधित फोटो भी अपलोड कर सकेंगे। शिकायत दर्ज होने के बाद उन्हें शिकायत आईडी और संबंधित अधिकारी का मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया जाएगा।
मानसून वॉर रूम बनाया:
मानसून के मद्देनज़र नगर निगम के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सैंटर (आईसीसीसी) को ‘मानसून वार रूम’ में तब्दील किया गया है। यहां से शहर में लगे 1700 सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की जाएगी। कंट्रोल रूम में तैनात कर्मचारी प्राप्त शिकायतों को तुरंत संबंधित अधिकारियों और रैपिड एक्शन टीमों तक पहुंचाएंगे, ताकि उनका शीघ्र समाधान किया जा सके। इस हैल्पलाइन के माध्यम से जलभराव, सीवरेज जाम, टूटी सड़कों, गिरे हुए पेड़ों, बंद स्ट्रीट लाइटों सहित मानसून से जुड़ी अन्य समस्याओं की शिकायतें दर्ज कराई जा सकेंगी। नगर निगम ने सभी जोनों में रैपिड एक्शन टीमें भी तैनात की हैं, जिन्हें शिकायत मिलते ही मौके पर भेजा जाएगा।

