Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

बरसात के दौरान सीवरेज सिस्टम दुरुस्त करने में जुटा नगर निगम, लगाई गई 2 सुपर सक्शन मशीनें

August 13, 2026

बरसात के दौरान सीवरेज सिस्टम दुरुस्त करने में जुटा नगर निगम, लगाई गई 2 सुपर सक्शन मशीनें

मोगा: बरसात के मौसम को देखते हुए शहरवासियों को सीवरेज की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर निगम द्वारा मुख्य सीवरेज लाइनों की सफाई का काम तेज कर दिया गया है। विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के दिशा-निर्देशों के अनुसार नगर निगम ने आउटर एरिया की बड़ी सीवरेज लाइनों की सफाई के लिए दो सुपर सक्शन मशीनें लगाई हैं, जो लगातार काम कर रही हैं।

इस संबंध में जानकारी देते हुए नगर निगम की मेयर विनयपाल कौर ने बताया कि विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के दिशा-निर्देशों के अनुसार दोनों सुपर सक्शन मशीनें दिन-रात काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि शहर के आउटर एरिया की बड़ी सीवरेज लाइनों की करीब 70 प्रतिशत तक सफाई पूरी करवाई जा चुकी है, जबकि बाकी लाइनों की सफाई का काम भी लगातार जारी है।

उन्होंने बताया कि बुकनवाला रोड सहित कई इलाकों में सीवरेज की सफाई का काम पूरा किया जा चुका है। इसके अलावा शहर के इंटरनल एरिया में भी वार्ड स्तर पर सफाई करवाई जा रही है। जहां भी बरसात के दौरान सीवरेज की समस्या सामने आती है, वहां नगर निगम की टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति की जांच करती है। जरूरत के अनुसार डिसल्टिंग मशीन, प्रेशर मशीन और अन्य सफाई मशीनरी की सहायता से समस्या का समाधान किया जाता है।

मेयर ने कहा कि मोगा एक पुराना शहर है और कई इलाकों में 20 से 25 साल पुरानी सीवरेज तथा पानी की पाइपलाइनें मौजूद हैं। पुरानी पाइपलाइनों में लीकेज या खराबी के कारण कई बार सीवरेज और पीने वाले पानी की लाइनें आपस में मिल जाती हैं, जिससे गंदे पानी की शिकायतें सामने आती हैं। उन्होंने बताया कि शहर की सीवरेज समस्या के स्थायी समाधान के लिए 15 एकड़ जमीन में एक बड़ा प्रोजेक्ट लाया जा रहा है, जिसके लिए अभी कुछ समय इंतजार करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जब तक यह प्रोजेक्ट पूरा नहीं होता, तब तक नगर निगम द्वारा मौजूदा समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

मेयर ने शहरवासियों से अपील की कि घरों के सीवरेज और पानी के कनेक्शन नगर निगम की मंजूरी तथा निर्धारित नियमों के अनुसार ही लिए जाएं। बिना जांच या गलत जगह से लिए गए कनेक्शनों के कारण पाइपलाइनों को नुकसान पहुंच सकता है और सीवरेज तथा पीने वाले पानी के आपस में मिलने की समस्या बढ़ सकती है। इसलिए लोग अपनी फाइलें नगर निगम में जमा करवाकर नियमों के अनुसार सही कनेक्शन लें।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें