Site icon Dainik Savera Times

अमृतसर में मनाया गया नाग पंचमी एवं चौरसिया दिवस, हजारों परिवारों ने लगाई हाजिरी

अमृतसर: अमृतसर में आज यानी 17 अगस्त को नाग पंचमी एवं चौरसिया दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्थानीय पुष्पवती हॉल में विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। चौरसिया जय हिंद विकास मंच की ओर से भगवान भोले शंकर जी की कृपा से आयोजित इस विशेष धार्मिक समागम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और परिवारों ने पहुंचकर हाजिरी लगवाई। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया और भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।

समागम में श्रद्धालुओं के लिए रुद्राभिषेक, कन्यापूजन, भंडारा (लंगर भोग) सहित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम करवाए गए। वहीं बच्चों के लिए भी डांस, कविता, ड्राइंग, मेहंदी और भाषण जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाले लोगों और प्रतियोगिताओं में विजेता बच्चों को सम्मानित भी किया गया।

आयोजकों ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम समाज को एकजुट करने और युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति व परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समागम के दौरान पूरे परिसर में धार्मिक माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने श्रद्धा के साथ भगवान भोलेनाथ का प्रसाद ग्रहण किया। समागम में मुख्य अतिथि विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह शामिल हुए। उन्होंने नाग पंचमी की सभी को शुभकामनाएं दी। समागम में प्यारे लाल जी चेयरमैन, विजय कुमार उप चेयरमैन, विनोद कुमार, आनंद, सियाराम, अजय, प्रदीप, अरविंद राणा, धर्मराज, अशोक कुमार, भोला रामदास, सुरेश आदि शामिल हुए।

Exit mobile version