चंडीगढ़: नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा अमृतसर में चल रहे नशीली दवाइयां की तस्करी के एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया था। इस मामले में अभी और भी गिरफ्तारियां हो रही हैं। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की जांच तरनतारन में पहुंच चुकी है। नशे का धंधा करने वाले डॉक्टरों द्वारा तरनतारन में भी ट्रामाडोल गोलियों का हर तरफ जाल बिछाया है। तरनतारन में सीमा के साथ सटे कस्बा भिक्खीविंड में धवन हॉस्पिटल को नशीली दवाइयां का हैडक्वार्टर बनाया गया था। इस अस्पताल को इस समय जेल में बंद डॉक्टर जितेंद्र मल्होत्रा और अमृतसर का एक मीडिया कर्मी चल रहा है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम अब धवन अस्पताल तक पहुंच चुकी है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा जल्द ही इस अस्पताल से संबंधित कुछ लोगों की भी गिरफ्तारी की जा रही है।
दैनिक सवेरा टाइम्स ने धवन अस्पताल के बारे में प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया था। इसके बाद नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को इस अस्पताल के बारे में पता चला। समाचार प्रकाशित होते ही अस्पताल से ट्रामाडोल के साथ-साथ अन्य नशीली दवाइयों को हटा दिया गया मगर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के हाथ में ऐसे कई सबूत लग चुके हैं जिससे इस अस्पताल से जुड़े लोगों का बचना नामुमिकन है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा तरनतारन से 5000 ट्रामाडोल की गोली बरामद की गई थी। इस मामले में देहरादून से वरुण कुमार की गिरफ्तारी की गई। उसके बाद लाइफ केयर मार्कीटिंग मैन्युफैक्चर के मालिक अर्जुन सिंह निवासी तरनतारन की गिरफ्तारी की गई। आइकॉन फार्मा मैन्युफैक्चरर देहरादून के मालिक आशीष शर्मा की गिरफ्तारी की गई।
एनसीबी की जांच में धवन अस्पताल और एक मीडिया कर्मी का नाम सामने आया है। इसके बाद डायरैक्टर रैंक के अधिकारी की अध्यक्षता में छापामारी की गई है। इस छापामारी के दौरान कोई भी जिम्मेदार व्यक्ति वहां पर नहीं मिला है। टीम द्वारा गहन जांच की गई जिस तरह अस्पताल की कार्य प्रणाली विवादों में नजर आई है। इसलिए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा अस्पताल के प्रबंधकों को नोटिस जारी किया गया है।
रद्द हो चुकी है जमानत : इस केस में मुख्य आरोपी दीपक भंडारी है। दीपक भंडारी ने अपने परिवार के सदस्यों को अपनी कंपनी में पार्टनर बनाया हुआ है। इसलिए फर्म के पार्टनर भी एनसीबी को वांटेड हैं। दीपक भंडारी की पत्नी प्रिया भंडारी, बेटे निर्भय भंडारी के अलावा लाइफ केयर हॉस्पिटल के डॉक्टर प्रवीण कुमार द्वारा अमृतसर की कोर्ट में जमानत याचिका दायर की गई थी। केस की गंभीरता और एनसीबी द्वारा पेश किए गए रिकॉर्ड के आधार पर जमानत याचिका को रद्द कर दिया गया है। अब एनसीबी इन सभी लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।
ये भी पढ़ें : 28 मार्च को बंगाल जाएंगे अमित शाह, TMC सरकार के खिलाफ BJP जारी करेगी चार्जशीट

