Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

30 हजार मामलों के निपटारे के लिए 12 सितंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत

September 11, 2026

30 हजार मामलों के निपटारे के लिए 12 सितंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत

अमृतसर : 12 सितंबर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर गुरुवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश-कम-चेयरपर्सन, जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी, अमृतसर जतिंदर कौर की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश-1 बलजिंदर सिंह सहित अमृतसर न्यायपालिका के अन्य न्यायिक अधिकारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर व्यापक प्रबंधों की समीक्षा की गई तथा लंबित और मुकद्दमा-पूर्व मामलों का आपसी सहमति से अधिक से अधिक निपटारा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए जिला मुख्यालय में 25 बेंच, अजनाला में 3 बेंच और बाबा बकाला साहिब में 2 बेंच गठित किए गए हैं। इसके अलावा पात्र मामलों की सुनवाई के लिए लेबर कोर्ट का एक बेंच और स्थायी लोक अदालत का एक बेंच भी गठित किया गया है।

लोक अदालत में करीब 30 हजार मामलों को सुनवाई और निपटारे के लिए रखा जाएगा। इनमें दीवानी मामले, वैवाहिक विवाद, मोटर दुर्घटना मुआवजा मामले, चेक बाउंस, श्रम विवाद, बैंक रिकवरी, बिजली-पानी के बिलों से संबंधित विवाद, राजस्व विभाग के मामले तथा कानून के अनुसार निपटाए जा सकने वाले समझौता योग्य आपराधिक मामले शामिल हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें