Site icon Dainik Savera Times

Punjab CM चेहरे को लेकर नवजोत कौर का बड़ा बयान, कहा- CM वही बनता है जो 500 करोड़ की अटैची देता है…

पंजाब डेस्क। पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता नवजोत कौर सिद्धू ने पंजाब कांग्रेस में चल रही गुटबाजी और मुख्यमंत्री पद को लेकर हो रही राजनीति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस दौरान नवजोत कौर सिद्धू ने कहा कि उनके पति नवजोत सिंह सिद्धू कांग्रेस के प्रति खास लगाव रखते हैं, खासकर प्रियंका गांधी वाड्रा से। उनका कहना है कि सिद्धू सिद्धांतों की राजनीति करते हैं। पंजाब को बेहतर दिशा देने की क्षमता रखते हैं। लेकिन पार्टी की आंतरिक राजनीति उन्हें आगे आने से रोक रही है। उन्होंने साफ कहा कि यदि कांग्रेस हाईकमान उन्हें मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करती है, तो सिद्धू तुरंत सक्रिय राजनीति में वापसी कर देंगे। लेकिन मौजूदा हालात में यह मुश्किल दिखता है, क्योंकि पार्टी में पहले से कई नेता सीएम बनने की दौड़ में हैं।

हमारे पास 500 करोड़ नहीं, इसलिए सीएम नहीं बन सकते
नवजोत कौर सिद्धू ने पंजाब की राजनीति को लेकर चौंकाने वाला बयान दिया। उन्होंने कहा कि राजनीति में पैसे का दबदबा काफी बढ़ गया है। आज वही मुख्यमंत्री बनता है जो 500 करोड़ रुपये की अटैची लेकर जाता है। उन्होंने कहा कि उनके पास इतना पैसा नहीं है और न ही उन्होंने कभी पैसे की राजनीति की है। जब उनसे पूछा गया कि क्या किसी ने उनसे पैसे की मांग की, तो उन्होंने जवाब दिया कि किसी ने सीधे नहीं मांगा, लेकिन “जो 500 करोड़ लेकर जाता है, वही सीएम बनता है। इस बयान ने पंजाब की राजनीति में हलचल मचा दी है।

 

क्या बीजेपी में वापस जा सकते हैं सिद्धू?
जब उनसे पूछा गया कि अगर बीजेपी सिद्धू को मुख्यमंत्री बनाने का प्रस्ताव दे तो क्या वह वापस बीजेपी में जाएंगे? इस पर नवजोत कौर सिद्धू ने कहा कि “मैं इस बारे में उनके लिए कुछ नहीं कह सकती।” उन्होंने साफ संकेत दिया कि इस सवाल का जवाब सिर्फ सिद्धू ही दे सकते हैं।

 

पंजाब की कानून-व्यवस्था पर जताई चिंता
नवजोत कौर सिद्धू ने हाल ही में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है। इस स्थिति को लेकर उन्होंने राज्यपाल को ज्ञापन दिया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस में गुटबाजी इतनी बढ़ चुकी है कि पांच-पांच नेता खुद को मुख्यमंत्री पद का दावेदार मानते हैं। और वे किसी भी कीमत पर सिद्धू को आगे नहीं बढ़ने देंगे।

 

Exit mobile version