पटियाला: जिले के डकाला में नवाब खान के अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कथित तौर पर पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियारों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नवाब खान का डकाला में पेट्रोल पंप के नजदीक से कथित तौर पर काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में अपहरण किया गया था। आरोप है कि गाड़ी में ही तेजधार हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को संगरूर जिले के काला झाड़ गांव के नजदीक एक गंदे नाले में फेंक दिया गया था। वारदात के दौरान स्कॉर्पियो में शव ले जाते समय युवक की लटकती हुई लाश का वीडियो भी सामने आया था।
पुरानी रंजिश के चलते हत्या का आरोप
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी और मृतक एक-दूसरे को पहले से जानते थे। बताया जा रहा है कि वे एक ही संस्थान में पढ़ते थे और आपस में दोस्त थे। पुलिस के मुताबिक, मृतक पर आरोपियों में से एक की बहनकी भी मृतक परेशान करता था और इसी के चलते इनकी पुरानी रंजिश थी। इसी बात को लेकर पहले विवाद हुआ था। इस मामले में वीडियो को लेकर भी रंजिश होने की बात कही जा रही है। हालांकि, इन पहलुओं की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। पुलिस ने बताया कि नवाब खान पहले एक मामले में गिरफ्तार हुआ था और जमानत पर बाहर आया हुआ था। पुलिस इस पुराने मामले और मौजूदा हत्या के बीच संबंध की भी जांच कर रही है।
किराये पर ली गई थी स्कॉर्पियो
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो आरोपियों की अपनी गाड़ी नहीं थी, बल्कि इसे पटियाला के भांबन रोड इलाके से किराये पर लिया गया था। पुलिस ने गाड़ी से संबंधित जानकारी और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को ट्रेस किया।
तीन आरोपी गिरफ्तार, रिमांड पर लेने की तैयारी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया की जाएगी। पूछताछ के दौरान हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियारों और वारदात में शामिल अन्य संभावित लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस ने फिलहाल आरोपियों का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने आने की पुष्टि नहीं की है।
इस मामले में FIR नंबर 225, दिनांक 23 अक्टूबर 2026 दर्ज होने की जानकारी दी गई है। पुलिस के अनुसार, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है। यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी कहा कि गिरफ्तारियों के संबंध में परिवार को जानकारी दी जाएगी। मामले में आगे की कार्रवाई और विस्तृत खुलासे के लिए पुलिस की आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस का इंतजार है।
📍 Location: ਪਟਿਆਲਾ (ਪਟਿਆਲਾ)

