Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

लुधियाना के ट्रांसपोर्ट नगर में दुकान से डेढ़ लाख के करीब चोरी, CCTV में कैद हुए चोर

August 18, 2026

लुधियाना के ट्रांसपोर्ट नगर में दुकान से डेढ़ लाख के करीब चोरी, CCTV में कैद हुए चोर

लुधियाना: शहर में चोरी की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। ताजा मामला ट्रांसपोर्ट नगर के घोड़ा कॉलोनी इलाके का है, जहां चोरों ने एक दुकान को निशाना बनाकर करीब 1.25 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। जानकारी के अनुसार, चोर छत के रास्ते दुकान में दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने दुकान का ताला तोड़ा और अंदर रखी नकदी लेकर फरार हो गए। चोरों ने दुकान में काफी तोड़फोड़ भी की।

सुबह दुकान खोलने पर हुआ चोरी का पता

दुकानदार के मुताबिक, उसे चोरी की जानकारी सुबह दुकान पहुंचने के बाद हुई। उसने बताया कि उस दिन दुकान पर साबुन का लंगर लगाया जाना था, इसलिए वह सुबह दुकान खोलने पहुंचा था। दुकान पर पहुंचने के बाद उसने देखा कि शटर टूटा हुआ था। अंदर जाकर जांच करने पर चोरी और तोड़फोड़ का पता चला। दुकानदार के अनुसार, दुकान से करीब 1 लाख 25 हजार रुपये गायब थे।

बाबा जी की गोलक से भी पैसे ले गए

दुकानदार ने बताया कि चोर जाते समय दुकान में रखी बाबा जी की गोलक भी ले गए। बताया गया कि उसमें रखे पैसे भी चोरों ने निकाल लिए। CCTV फुटेज में चोरों की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस से मामले की जांच कर चोरों को जल्द पकड़ने की मांग की जा रही है।

इलाके में पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं

दुकानदार का कहना है कि यह इलाके में चोरी की पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी आसपास कई चोरी और लूटपाट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। स्थानीय लोगों में इन घटनाओं को लेकर चिंता बनी हुई है। दुकानदार ने पुलिस और प्रशासन से इलाके में सुरक्षा बढ़ाने तथा चोरी की घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग की है।

📍 Location: Ludhiana (Ludhiana)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें