लुधियाना: मुंडियां की मोगा कालोनी में वीरवार शाम को पड़ोसियों ने घर में घुसकर बीगल नस्ल के पालतू कुत्ते को डंडों से पीट-पीटकर मार डाला। वारदात के समय मकान मालिक और उसका परिवार घर में मौजूद नहीं था लेकिन घर में मौजूद किराएदार महिला ने बेजुबान को बचाने की भी कोशिश की लेकिन आरोपी बेजुबान के दम तोड़ने के बाद भी उस पर डंडों से वार करते रहे। कुत्ते के मालिक ने पुलिस चौकी मुंडियां में शिकायत दी लेकिन वारदात के 24 घंटे से ज्यादा समय बाद भी मकान मालिक और उसका परिवार कुत्ते के शव को रखकर पुलिस के आने का इंतजार कर रहा है।
घटना वीरवार शाम की है। मुंडियां इलाके की मोगा कालोनी के रहने वाले रंजीत सिंह व उनका परिवार किसी काम से बाहर गए और अपने पालतू कुत्ते की जिम्मेदारी घर में ही किराए पर रहने वाली महिला को दे गए। शाम को महिला ने दरवाजा खोला तो कुत्ते घर से बाहर निकल गया। चंद मिनटों बाद ही कुत्ते के पीछे शोर मचाते हुए कुछ लोग रंजीत सिंह के घर में घुस आए। उन लोगों ने कुत्ते पर डंडों से वार करने शुरू कर दिए। महिला ने कुत्ते को बचाने का प्रयास किया लेकिन उन लोगों ने उसकी एक नहीं सुनी और बेजुबान के दम तोड़ने के बाद भी उस पर डंडे बरसाए। उन लोगों का कहना था कि कुत्ते ने सड़क पर जा रही उनकी बेटी को काटा है।
मकान मालिक रंजीत सिंह का कहना है कि शाम को जब वह वापस आए तो उन्हें इस वारदात का पता चला। उन्होंने इस बारे में मुंडियां पुलिस चौकी में जाकर शिकायत दी लेकिन शिकायत देने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। पूरी रात और दिन भर वह पुलिस वालों का इंतजार करते रहे। उनका कहना है कि उन्होंने जांच अधिकारी को फोन भी किए लेकिन उन्होंने फोन ही नहीं उठाया। ऐसे में वह अब अपने पालतू के शव को दफनाने के लिए पुलिस का इंतजार कर रहे हैं।
वहीं मुंडियां पुलिस चौकी के जांच अधिकारी गुरिंदर सिंह का भी इस मामले में अपना तर्क है। उनका कहना है कि वीरवार को इलाके में युवक की हत्या हुई है। उस मामले में आरोपी को पकड़ने के लिए उनकी भी ड्यूटी लगी है, इसलिए ही वह वहां नहीं जा पाए। शनिवार दोपहर 12 बजे से पहले वह इस मामले में जरूर कार्रवाई करेंगे।