Site icon Dainik Savera Times

D.J. की साऊंड कम करने को लेकर पड़ोसियों में विवाद, चले ईंट-पत्थर

लुधियाना : ईडब्ल्यूएस कालोनी में रविवार रात को शादी समारोह दौरान ईंट-पत्थर चले। जानकारी के मुताबिक डी.जे. की साउंड को कम करने को लेकर हुए विवाद में कई लोग घायल हुए हैं। इस मामले में पीडि़त पक्ष ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि पुलिस ने उनके साथ बदसलूकी की है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। एक पक्ष ने बताया कि उनके सांढ़ू के बेटे की शादी थी।

शादी समारोह के दौरान एक पड़ोसी ने हार्ट प्रॉब्लम बताते हुए डी.जे. की साउंड कम करने की बात कही, जिसके बाद उन्होंने तुरंत डी.जे. बंद करवा दिया ताकि किसी को परेशानी न हो सके। उन्होंने कहा कि शादी समारोह दौरान उन्होंने बच्चों को खाना लेने के लिए भेजा। उस समय पड़ोसी महिला के भतीजे और एक अन्य युवक ने बच्चों को घेर कर गाली-गलौच करना शुरू कर दिया। उस दौरान बच्चों के साथ पड़ोसियों द्वारा गाली-गलौच करने को लेकर विवाद बढ़ गया और वह दोनों युवक शादी के पंडाल के पास पहुंचे और ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए, जिस कारण पीड़ित परिवार पक्ष के लगभग तीन लोग घायल हो गए, जिसकी सूचना उन्होंने थाना डिवीजन नं. 7 की पुलिस को दी।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस ने उनके साथ बदसलूकी की है। इस मामले को लेकर दूसरे पक्ष की महिला का कहना है कि उसकी बेटी और बेटा शादी वाले घर के पास से गुजर रहे थे। उस समय डी.जे. पर नाच रहे कुछ युवकों ने अभद्र कमैंट किए थे। जब महिला के बेटे ने विरोध किया तो उन युवकों ने उसके साथ हाथापाई की। फिलहाल इस मामले में थाना डिवीजन नं. 7 की पुलिस जांच करने में जुट गई है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास की सीसीटीवी फुटेज हासिल कर दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version