जालंधर: दिवाली से पहले पटाखा बाजार को लेकर जालंधर प्रशासन ने एक अहम फैसला लिया है। इस बार परंपरागत रूप से बर्ल्टन पार्क में लगने वाली अस्थायी पटाखा मार्किट अब अपने पुराने स्थान पर नहीं लगेगी। डीसी हिमांशु अग्रवाल ने एक आधिकारिक आदेश जारी कर बताया कि इस वर्ष बर्ल्टन पार्क में निर्माण और नवीनीकरण कार्य चल रहा है, जिसके चलते वहां पर पटाखा मार्किट लगाना संभव नहीं है।
प्रशासन की ओर से लिए गए नए निर्णय के तहत अब यह मार्किट पठानकोट बाईपास के नजदीक खाली पड़ी सरकारी जमीन पर शिफ्ट की जाएगी। कुल 2.2 से 2.5 एकड़ क्षेत्र में फैली इस जगह पर अस्थायी पटाखा दुकानों को स्थापित करने की अनुमति दी गई है।
सुरक्षा और व्यवस्था पर विशेष जोर
जिला मजिस्ट्रेट ने पुलिस कमिश्नर और नगर निगम कमिश्नर को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि नए स्थान पर सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। इसके अलावा सिविल सर्जन और फायर ब्रिगेड विभाग को भी एंबुलेंस व अग्निशमन वाहनों की तैनाती के आदेश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
लाइसेंस जारी होंगे नियमों के तहत
पटाखा दुकानदारों को “द एक्सप्लोसिव रूल्स 2008” के अंतर्गत अस्थायी दुकानों के लिए लाइसेंस जारी किए जाएंगे। इसके लिए पंजाब सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य होगा।
ये भी पढ़ें: DIG हरचरण सिंह भुल्लर पर नई FIR दर्ज, फार्महाउस से अवैध शराब और कारतूस बरामद
नगर निगम और पुलिस प्रशासन का सहयोग
नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने मिलकर इस नई जगह के चयन को लेकर एक रिपोर्ट सौंपी थी, जिसमें इस स्थान को सुरक्षा और व्यवस्था के लिहाज़ से उपयुक्त बताया गया है।

