Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

नई दुकान सील, करोड़ों की जमीन बेचने की जांच शुरू

September 3, 2026

नई दुकान सील, करोड़ों की जमीन बेचने की जांच शुरू

New shop sealed; investigation launched : अमृतसर। अवैध कब्जों के खिलाफ चलाए गए एक बड़े अभियान के तहत अमृतसर नगर निगम (MCA) के एस्टेट विभाग ने आज कंपनी बाग के सामने स्थित लगभग 1,000 वर्ग गज की विवादित कीमती जमीन पर बनाई गई एक नई दुकान को सील कर दिया।

यह कार्रवाई नगर निगम कमिश्नर (CMC) बिक्रमजीत सिंह शेरगिल और अतिरिक्त कमिश्नर डॉ. जय इंदर सिंह के सख्त निर्देशों पर की गई। सीलिंग की कार्रवाई सेक्रेटरी-सह-एस्टेट अफसर सुशांत भाटिया की सीधी देखरेख में हुई, जिसमें टीम सदस्य इंस्पेक्टर प्रीति चौहान, इंस्पेक्टर अमन कुमार, प्रणव बब्बा और मेहता शामिल थे। अतिक्रमणकारियों को विवादित संपत्ति के संबंध में पहले भी चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद उन्होंने जगह पर दुकान का निर्माण कर उसे किराए पर दे दिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए आज निगम की टीम ने कंपनी बाग के सामने मौके पर पहुंचकर अवैध ढांचे को पूरी तरह सील कर दिया।

इसके साथ ही एस्टेट अफसर सुशांत भाटिया ने जिला प्रशासन और बिजली बोर्ड को औपचारिक पत्र लिखकर अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई करने और बिजली कनेक्शन काटने का अनुरोध किया है। दूसरी ओर, नगर निगम प्रशासन ने मॉल रोड पर ठंडी खुई के सामने स्थित करोड़ों रुपये की प्राइम लैंड की भी जांच शुरू कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि स्थानीय खोखे वालों ने नगर निगम की जमीन शहर के एक नामी निजी अस्पताल को करोड़ों रुपये में बेच दी। कमिश्नर शेरगिल के निर्देशों पर एस्टेट अफसर सुशांत भाटिया और उनकी टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब 1,000 वर्ग गज जमीन की पैमाइश पूरी की।

संबंधित पक्षों को अपनी मालकी साबित करने के लिए पहले भी नोटिस और कई अवसर दिए गए थे, लेकिन निगम के समक्ष कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं किया गया। अब उन्हें संपत्ति की मालकी के दस्तावेज तुरंत जमा कराने के ताजा निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि अनियमितताएं पाई गईं या दस्तावेज पेश नहीं किए गए तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पूरी रिपोर्ट तैयार कर आगे के फैसले के लिए निगम कमिश्नर को सौंपी जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें