Last Updated: October 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

Gurmeet Singh Meet Hair ने लोकसभा सदस्य के रूप में ली शपथ

June 25, 2024

Gurmeet Singh Meet Hair ने लोकसभा सदस्य के रूप में ली शपथ

नई दिल्ली। संगरूर संसदीय क्षेत्र से नवनिर्वाचित सदस्य और आम आदमी पार्टी के नेता गुरमीत सिंह मीत हेयर ने आज संसद में लोकसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। इस मौके पर मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान और मीत हेयर के माता-पिता और पत्नी भी संसद भवन में मौजूद थे। मीत हेयर ने पंजाबी मातृभाषा में शपथ ली। शपथ लेने के बाद मीत हेयर ने देश के स्वतंत्रता सेनानियों, किसानों और जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए ‘इंकलाब जिंदाबाद’ और ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे भी लगाए।

35 वर्षीय मीत हेयर ने इस लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के टिकट पर संगरूर लोकसभा क्षेत्र से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के सुखपाल सिंह खैरा को 1,72,560 मतों के अंतर से हराया। यह उनका पहला लोकसभा चुनाव था। इससे पहले वह 2017 और 2022 में लगातार दो बार बरनाला विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। साल 2022 से वह मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में कार्यरत थे।

मीत हेयर का पैतृक गांव बरनाला जिले के महल कलां निर्वाचन क्षेत्र का कुरड़ (छापा) है और वह बरनाला शहरी के स्थायी निवासी हैं। बरनाला से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद, उन्होंने स्वामी विवेकानंद इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी बनूड़ से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिग्री के साथ स्नातक की उपाधि प्राप्त की और सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे थे, जब वे अन्ना हजारे और अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाले आंदोलन से जुड़ गये और फिर आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। मीत हेयर आम आदमी पार्टी की युवा शाखा के अध्यक्ष भी थे।

कैबिनेट मंत्री के रूप में खेल और युवा सेवा, जल संसाधन, खनन, उच्च शिक्षा और भाषा, स्कूल शिक्षा, प्रशासनिक सुधार, पर्यावरण, विज्ञान और प्रौद्योगिकी और मुद्रण और स्टेशनरी विभाग का प्रभार संभालने वाले मीत एक अच्छे क्रिकेट और बैडमिंटन खिलाड़ी भी हैं। उन्हें पर्यावरण संरक्षण सामाजिक कार्य, पंजाबी मातृभाषा के प्रचार और विस्तार और पालतू जानवर रखने में बहुत रुचि है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें