Site icon Dainik Savera Times

सड़क में गड्ढे के कारण सरपंच अमरजीत सिंह की मौत के मामले में NHAI को नोटिस, 24 घंटे में जवाब मांगा

लुधियानाः SDM खन्ना स्वाति टिवाना ने 6 अगस्त को सड़क हादसे में गांव रतनहेड़ी के सरपंच अमरजीत सिंह की मौत पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर, प्रोजेक्ट इम्प्लीमेंटेशन यूनिट लुधियाना को कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे में जवाब मांगा है।

नोटिस के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में पता चला है कि हादसा नेशनल हाईवे पर एक बड़े और बिना मरम्मत वाले गड्ढे की वजह से हुआ। बताया गया है कि गड्ढे की वजह से अमरजीत सिंह अपनी गाड़ी से कंट्रोल खो बैठे और सड़क पर गिर गए। इस दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले में पुलिस जांच के आदेश पहले ही जारी किए जा चुके हैं।

SDM ने सड़क पर खतरनाक गड्ढा होने, उसे समय पर ठीक न करने और जरूरी बैरिकेड, साइनेज या चेतावनी न लगाने की जवाबदेही पर सवाल उठाए हैं। NHAI से संबंधित अधिकारियों, इंजीनियरों और मेंटेनेंस कॉन्ट्रैक्टर की डिटेल भी मांगी गई है। इसके साथ ही, पिछले 3 महीनों के रोड इंस्पेक्शन लॉग, गड्ढों की मरम्मत के रिकॉर्ड और मेंटेनेंस/कंसेशन एग्रीमेंट की कॉपी जमा करने को कहा गया है।

SDM ने संबंधित गड्ढे को तुरंत ठीक करने और खन्ना सब-डिवीजन में आने वाले पूरे नेशनल हाईवे का सेफ्टी ऑडिट करने का भी निर्देश दिया है। उन्होंने साफ किया कि सड़क इस्तेमाल करने वालों की सुरक्षा प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता है और किसी भी लापरवाही से जान जाने को गंभीरता से लिया जाएगा।

📍 Location: Ludhiana

Exit mobile version