Site icon Dainik Savera Times

NHM कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा, 24 अगस्त तक हड़ताल का ऐलान

मोगा (दलीप कुमार):  नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) कर्मचारी यूनियन पंजाब ने अपनी मांगों को लेकर पंजाब सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए 17 से 24 अगस्त तक हड़ताल का ऐलान किया है। हड़ताल के दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की।

यूनियन नेताओं ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार विज्ञापनों और विभिन्न योजनाओं पर बड़ी राशि खर्च कर रही है, लेकिन जब एनएचएम कर्मचारियों की जायज मांगों को पूरा करने की बात आती है तो खजाना खाली होने का हवाला दिया जाता है। उन्होंने सवाल किया कि यदि सरकार के पास अन्य कार्यों और योजनाओं के लिए धन उपलब्ध है तो कर्मचारियों की मांगों के लिए आर्थिक संकट क्यों बताया जाता है।

प्रदेश अध्यक्ष संदीप कौर बरनाला ने कहा कि महंगाई के मौजूदा दौर में एनएचएम कर्मचारी लंबे समय से सम्मानजनक वेतन बढ़ोतरी समेत विभिन्न मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। सरकार के साथ मांगों को लेकर 50 से अधिक बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन अभी तक ठेके पर सेवाएं दे रहे कर्मचारियों की समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुलशन शर्मा फरीदकोट और महासचिव अमनदीप सिंह पटियाला ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को सरकार के समक्ष कई बार उठाया गया, लेकिन हर बार टालमटोल की नीति अपनाई गई। इसी के विरोध में यूनियन ने 17 से 24 अगस्त तक हड़ताल का फैसला लिया है।

यूनियन नेताओं ने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में वेतन में सम्मानजनक बढ़ोतरी, ग्रेच्युटी, लॉयल्टी बोनस और सेवानिवृत्ति की आयु सीमा में बढ़ोतरी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने जल्द इन मांगों पर सकारात्मक फैसला नहीं लिया तो संघर्ष को और तेज किया जाएगा। महासचिव राम सिंह कपूरथला ने चेतावनी दी कि मांगों का जल्द समाधान न होने पर एनएचएम कर्मचारी सरकार का हर स्तर पर घेराव करेंगे। जरूरत पड़ने पर चंडीगढ़ स्थित राज्य मुख्यालय का भी घेराव किया जाएगा। सुखजीत सिंह रोपड़, डॉ. वाहिद और जगदेव मानसा ने कहा कि सरकार और स्वास्थ्य विभाग को कर्मचारियों की जायज मांगों को स्वीकार करते हुए जल्द अधिसूचना जारी करनी चाहिए। यदि फिर से टालमटोल की गई तो कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर होंगे।

यूनियन नेताओं ने कहा कि हड़ताल के कारण स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ने वाले प्रभाव की जिम्मेदारी पंजाब सरकार और स्वास्थ्य विभाग की होगी। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आगामी विधानसभा चुनावों में कर्मचारी इसका जवाब सरकार को देंगे। इस मौके पर तरुणजीत होशियारपुर, दिनेश गर्ग पटियाला, जसवीर सिंह व मनदीप सिंह तरनतारन, अमरजीत फतेहगढ़ साहिब, डॉ. सिमरपाल, जसबीर सिंह कोटिया मोगा, रणजीत कौर बठिंडा, डॉ. शिवराज, गुरप्रीत सिंह भुल्लर मुक्तसर साहिब, बगीचा जी फिरोजपुर, रविंदर जी फाजिल्का, डॉ. पंखुड़ी जालंधर, अमनदीप कौर नवांशहर-लुधियाना सहित बड़ी संख्या में एनएचएम कर्मचारी मौजूद रहे।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version