Site icon Dainik Savera Times

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने अमृतसर के फतेहपुर में सुनीं जनसमस्याएं

अमृतसर: राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) के माननीय सदस्य श्री प्रियंक कानूनगो ने अमृतसर केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले फतेहपुर इलाके का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं। कार्यक्रम में डॉ. राम चावला अपनी टीम के साथ विशेष रूप से उपस्थित रहे। डॉ. चावला ने फतहपुर केंद्रीय जेल के पास लगे मोबाइल जैमर से स्थानीय लोगों को आ रही गंभीर समस्याओं से श्री प्रियंक कानूनगो को अवगत कराया। डॉ. राम चावला ने बताया कि केंद्रीय जेल में लगे जैमर के प्रभाव के कारण आसपास के इलाके में मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह प्रभावित रहता है।

स्थिति यह है कि  एम्बुलेंस जैसी आवश्यक और आपातकालीन सेवाओं के लिए भी फोन नहीं लग पाता।  घरेलू एलपीजी (LPG) गैस की बुकिंग व डिलीवरी के लिए आने वाले OTP नहीं मिल पाते, जिससे दैनिक कार्य ठप हो जाते हैं।  इस तकनीकी समस्या के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संबंध में पहले भी नगर निगम और उच्च अधिकारियों को कई बार शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन प्रशासन द्वारा इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। इस अवसर पर डॉ. राम चावला एवं उनकी टीम ने श्री प्रियंक कानूनगो को एक ज्ञापन सौंपा और जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। डॉ. चावला ने श्री कानूनगो के आगमन पर उनका धन्यवाद किया तथा उन्हें सिरोपा देकर सम्मानित किया।

इस मौके पर भाजपा जिला शहरी के अध्यक्ष सलिल कपूर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा क्षेत्र से टहल सिंह (भाजपा मंडल अध्यक्ष), रमन मेहता (मंडल उपाध्यक्ष), मनिंदर सिंह, गुरप्रीत सिंह, लखविंदर सिंह हुंडल, तेजपाल सिंह, गुरप्रीत सिंह विरदी, नितिन मेहता सहित बड़ी संख्या में इलाके के निवासी उपस्थित थे। श्री प्रियंक कानूनगो ने स्थानीय निवासियों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर संबंधित अधिकारियों के समक्ष मामला उठाया जाएगा।

📍 Location: Amritsar (Amritsar)

Exit mobile version