जालंधर: शहर के गढ़ा इलाके के न्यू हरदयाल नगर में शनिवार देर शाम राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम ने रेड की। टीम दो घरों में पहुंची और 2021 के एक मामले से संबंधित नोटिस देकर गई। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पूर्व जत्थेदार जसबीर सिंह रोडे से जुड़े मामले में नोटिस सर्व करने के लिए की गई थी।
थाना-7 पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता का हवाला देते हुए ज्यादा जानकारी साझा नहीं की। ACP रैंक के एक अधिकारी ने बताया कि NIA की टीम शनिवार देर शाम जालंधर पहुंची थी। सूत्रों के मुताबिक, टीम करीब तीन घंटे तक इलाके में रही और तलाशी के दौरान कुछ दस्तावेज भी बरामद किए गए। कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय रखा गया। यह जांच पंजाब में अलग-अलग स्थानों पर मिले विस्फोटकों से संबंधित बताई जा रही है। करीब पांच साल पहले अमृतसर-जालंधर जीटी रोड पर गांव हंबोवाल के अंडरपास के पास भी बम मिला था।
2021 में मिले थे टिफिन बम और ग्रेनेड
न्यू हरदयाल नगर में पूर्व जत्थेदार जसबीर सिंह रोडे के भाई लखबीर सिंह रोडे का घर है। पुलिस के अनुसार, अगस्त 2021 में यहां कार्रवाई के दौरान लखबीर सिंह के बेटे गुरमुख सिंह से टिफिन बम और ग्रेनेड बरामद हुए थे। जांच एजेंसियों को आशंका थी कि विस्फोटकों का इस्तेमाल पंजाब में अशांति फैलाने के लिए किया जाना था। इन घटनाओं की जांच के सिलसिले में NIA लगातार पड़ताल कर रही है। ताजा कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा का माहौल रहा।
📍 Location: हरदयाल नगर (जालंधर)

