
जालंधर : हॉकी पंजाब के अध्यक्ष और हॉकी इंडिया के उपाध्यक्ष नितिन कोहली ने जालंधर के बर्ल्टन पार्क स्थित ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में हीरो एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब 2026 के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पंजाब में अंतर्राष्ट्रीय हॉकी टूर्नामैंट आयोजित करने का लंबे समय से संजोया सपना अब साकार हुआ है। आजादी के बाद राज्य में इस स्तर की अंतर्राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन पंजाब की समृद्ध हॉकी परंपरा के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है।
उद्घाटन समारोह दौरान संबोधित करते हुए नितिन कोहली ने कहा कि पंजाब ने दशकों से भारतीय हॉकी को प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं। राज्य के खिलाड़ियों ने एशियाई खेलों और ओलंपिक सहित कई प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। ऐसे में पंजाब की धरती पर अंतर्राष्ट्रीय हॉकी टूर्नामैंट का आयोजन खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और हॉकी से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के लिए गर्व का अवसर है।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के साथ हुई बातचीत का जिक्र करते हुए नितिन कोहली ने कहा कि उन्होंने एक बार मुख्यमंत्री के समक्ष पंजाब में अंतर्राष्ट्रीय हॉकी टूर्नामैंट आयोजित नहीं होने का मुद्दा उठाया था। इस पर मुख्यमंत्री ने आश्चर्य व्यक्त किया और टूर्नामैंट को पंजाब में आयोजित करवाने की दिशा में प्रयास करने का संकल्प लिया। कोहली के अनुसार, मुख्यमंत्री ने हॉकी इंडिया से संपर्क किया, जिसके बाद हॉकी इंडिया के अध्यक्ष भोला नाथ सिंह ने भी प्रतियोगिता को पंजाब में आयोजित करवाने के लिए समर्थन दिया।
उन्होंने कहा कि सभी संबंधित संस्थाओं और विभागों के सामूहिक प्रयासों से आज यह सपना साकार हुआ है। नितिन कोहली ने इस आयोजन को संभव बनाने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, हॉकी इंडिया, एशियन हॉकी फैडरेशन, पंजाब के खेल विभाग, प्रशासन, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, खिलाड़ियों और हॉकी प्रेमियों का आभार व्यक्त किया। नितिन कोहली ने कहा कि इस टूर्नामैंट का भावनात्मक पहलू भी महत्वपूर्ण है। वर्षों से खिलाड़ियों की इच्छा रही है कि उनके परिवार उन्हें अपनी घरेलू धरती पर खेलते हुए देखें।
पंजाब में अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता आयोजित होने से खिलाड़ियों और उनके परिवारों को यह अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि अपने राज्य में खेलना खिलाड़ियों के लिए गर्व और भावनात्मक जुड़ाव का विषय है। इससे युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी और वे हॉकी सहित अन्य खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित होंगे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...