जालंधर: आम आदमी पार्टी की ओर से जालंधर सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र के घोषित उम्मीदवार नितिन कोहली ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में जालंधर सेंट्रल से चुनाव लड़ने का अवसर देने और उन पर भरोसा जताने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान तथा पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का आभार व्यक्त किया।
मुलाकात के दौरान नितिन कोहली ने पार्टी नेतृत्व को भरोसा दिलाया कि वह सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी, लगन और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य पार्टी की उम्मीदों पर खरा उतरने के साथ-साथ जालंधर सेंट्रल में आम आदमी पार्टी की निर्णायक जीत सुनिश्चित करना है।
कोहली ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व और अरविंद केजरीवाल के मार्गदर्शन में पंजाब सरकार ने जनहित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। इनमें मुफ्त बिजली, आम आदमी क्लीनिक के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, सरकारी स्कूलों में सुधार और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं शामिल हैं। इन कार्यों से जनता का सरकार के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है। वह जालंधर सेंट्रल के प्रत्येक वार्ड में जाकर लोगों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क करेंगे और सरकार की उपलब्धियों के साथ उनकी समस्याओं एवं अपेक्षाओं को भी समझेंगे। जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी।
नितिन कोहली ने विश्वास जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी जालंधर जिले की सभी सीटों पर शानदार प्रदर्शन करेगी और पंजाब में दोबारा मजबूत जनादेश के साथ सरकार बनाएगी।
📍 Location: जालंधर नामदेव चौक के नजदीक (जालंधर)

